Maharashtra Vidhan Bhavan Bomb Threat: महाराष्ट्र विधान भवन को बम से उड़ाने की धमकी, बजट सत्र के बीच ईमेल से हड़कंप; सुरक्षा एजेंसियां हाई अलर्ट पर

मुंबई स्थित महाराष्ट्र विधान भवन को एक अज्ञात ईमेल के जरिए बम से उड़ाने की धमकी मिली है. बजट सत्र के दौरान मिली इस धमकी के बाद पूरे परिसर को खाली करा लिया गया है और सुरक्षा बल गहन तलाशी अभियान चला रहे हैं.

महाराष्ट्र विधान भवन (Photo Credits: IANS)

Maharashtra Vidhan Bhavan Bomb Threat: मुंबई (Mumbai) स्थित महाराष्ट्र विधान भवन (Maharashtra Vidhan Bhavan) में गुरुवार सुबह उस वक्त हड़कंप मच गया, जब विधानसभा के आधिकारिक ईमेल अकाउंट (Official Office Account) पर एक अज्ञात व्यक्ति द्वारा बम से उड़ाने की धमकी (Bomb Threat) भरा संदेश भेजा गया. यह धमकी ऐसे समय में मिली है जब राज्य का महत्वपूर्ण बजट सत्र (Budget Session) चल रहा है. सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों (Mumbai Police And Security Agencies) ने तुरंत कार्रवाई की और एहतियात के तौर पर पूरे परिसर को खाली करा लिया है. यह भी पढ़ें: Nair Hospital Bomb Threat: मुंबई के नायर अस्पताल को बम से उड़ाने की धमकी, मचा हड़कंप

सुरक्षा बलों का 'सर्च ऑपरेशन' जारी

धमकी भरा ईमेल मिलते ही मुंबई पुलिस के आला अधिकारी और बम निरोधक दस्ता (BDDS) मौके पर पहुंच गए. डॉग स्क्वाड की मदद से विधान भवन के हर केबिन और कोने की सघन तलाशी ली जा रही है. पुलिस सूत्रों के अनुसार, जब तक सर्च ऑपरेशन पूरी तरह समाप्त नहीं हो जाता, तब तक किसी को भी इमारत के अंदर जाने की अनुमति नहीं दी जाएगी. फिलहाल सभी कर्मचारियों और अधिकारियों को मुख्य द्वारों के बाहर सुरक्षित रखा गया है.

बजट सत्र के चलते बढ़ी संवेदनशीलता

यह घटना बेहद संवेदनशील समय पर हुई है, क्योंकि बजट सत्र के दौरान मुख्यमंत्री, उपमुख्यमंत्री, कैबिनेट मंत्री और अन्य वीआईपी (VIPs) लगातार सदन में मौजूद रहते हैं. धमकी मिलने के समय राज्य बजट पर चर्चा शुरू होने वाली थी. वर्तमान में जारी अंतरराष्ट्रीय तनावों (ईरान-इजरायल-अमेरिका विवाद) के मद्देनजर सुरक्षा एजेंसियां किसी भी तरह का जोखिम नहीं लेना चाहती हैं.

विधानसभा अध्यक्ष के सख्त निर्देश

विधानसभा अध्यक्ष राहुल नार्वेकर ने इस स्थिति पर गंभीरता जताते हुए सुरक्षा व्यवस्था को और कड़ा करने के निर्देश दिए हैं. उन्होंने कहा, ‘पूरे परिसर की बारीकी से जांच सुनिश्चित की जाए और पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था को चाक-चौबंद रखा जाए.’

विधान भवन के आसपास और दक्षिण मुंबई के सरकारी जिला क्षेत्र में भी पुलिस की तैनाती बढ़ा दी गई है. संभावना जताई जा रही है कि एहतियात के तौर पर आज बाहरी आगंतुकों के लिए प्रवेश पास निलंबित किए जा सकते हैं. यह भी पढ़ें: Iskcon Temple Bomb Threat: मुंबई के इस्कॉन मंदिर को धमकी भरा ईमेल, जांच में जुटी पुलिस

साइबर सेल कर रही है जांच

मुंबई पुलिस की साइबर सेल टीम उस अज्ञात ईमेल के स्रोत (Origin) का पता लगाने में जुटी है. तकनीक की मदद से यह जांच की जा रही है कि ईमेल किस आईपी एड्रेस से भेजा गया है और इसके पीछे किसका हाथ है. पुलिस का कहना है कि यह किसी की शरारत भी हो सकती है, लेकिन सुरक्षा के प्रोटोकॉल के अनुसार पूरी गंभीरता से जांच की जा रही है.

Share Now

\