Maharashtra: गांव के तालाब में मिले तीन भाई-बहनों के शव, प्रारंभिक जांच में डूबने से मौत की आशंका
महाराष्ट्र के जालना जिले के जाफराबाद तालुका के वरुड गांव में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जिसमें तीन मासूम भाई-बहनों की खेत के तालाब में डूबने से मौत हो गई. मृतक बच्चों की पहचान यश अनिल जोशी (14 वर्ष), दीपाली रमन जोशी (9 वर्ष) और रोहन रमन जोशी (7 वर्ष) के रूप में हुई है.
जालना, 3 जून : महाराष्ट्र के जालना जिले के जाफराबाद तालुका के वरुड गांव में एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जिसमें तीन मासूम भाई-बहनों की खेत के तालाब में डूबने से मौत हो गई. मृतक बच्चों की पहचान यश अनिल जोशी (14 वर्ष), दीपाली रमन जोशी (9 वर्ष) और रोहन रमन जोशी (7 वर्ष) के रूप में हुई है. यह घटना मंगलवार सुबह उस समय सामने आई, जब गांव के कोनाड शिवरा में एक खेत के तालाब में बच्चों के शव मिले.
जानकारी के अनुसार, सोमवार सुबह ये तीनों बच्चे गांव के पास स्थित महादेव मंदिर में दर्शन के लिए गए थे. जब वे देर तक घर नहीं लौटे, तो परिजनों को चिंता हुई और उन्होंने बच्चों की तलाश शुरू की. परिजनों ने इसकी सूचना जाफराबाद पुलिस थाने में भी दी और बच्चों के लापता होने की शिकायत दर्ज कराई. रात भर चली तलाश के बाद मंगलवार सुबह खेतों में काम कर रहे किसानों ने तालाब में बच्चों के शव देखे और तुरंत इसकी सूचना दी. शव मिलने की खबर फैलते ही गांव में शोक की लहर दौड़ गई. परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और पूरे गांव में मातम का माहौल है. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर शवों को तालाब से बाहर निकाला और पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया. यह भी पढ़ें : Drug Smuggling Racket: सिडनी में ड्रग्स की तस्करी करने वाले 7 लोग गिरफ्तार
प्रारंभिक जांच में बच्चों की मौत डूबने से होने की आशंका जताई जा रही है, लेकिन अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सका कि बच्चे तालाब में कैसे पहुंचे और उनकी मृत्यु का सटीक कारण क्या है. जाफराबाद पुलिस मामले की गहन जांच कर रही है. पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तालाब के आसपास के क्षेत्र की छानबीन की जा रही है और यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि बच्चे मंदिर से तालाब तक कैसे पहुंचे.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 03, 2025 01:13 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

