भोजपुरी अभिनेत्री रह चुकी रेशमा शेख को उसके पति ने 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर भेजा ‘तलाकनामा’, पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज
इंदौर की एक मुस्लिम महिला का आरोप है कि उसके 34 वर्षीय मुस्लिम व्यक्ति ने यहां उसे 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर ‘तलाकनामा’ भेजा है. पीड़ित महिला ने इस तलाक को अपने पति का एकतरफा फैसला बताते हुए इसे मानने से इंकार कर दिया है और वह इसके खिलाफ पुलिस की शरण में है.
भोपाल: इंदौर की एक मुस्लिम महिला का आरोप है कि उसके 34 वर्षीय मुस्लिम व्यक्ति ने यहां उसे 100 रुपये के स्टाम्प पेपर पर ‘तलाकनामा’ भेजा है. पीड़ित महिला ने इस तलाक को अपने पति का एकतरफा फैसला बताते हुए इसे मानने से इंकार कर दिया है और वह इसके खिलाफ पुलिस की शरण में है. भोजपुरी फिल्मों में भी काम कर चुकी अभिनेत्री रेशमा शेख (Reshama Shaikh) उर्फ अलीना (29) ने शनिवार को "पीटीआई-भाषा" को बताया, "मेरे पति मुदस्सिर बेग (34) ने मुझे 17 जुलाई को 100 रुपये का स्टाम्प पेपर भिजवाया। इस पर छपा है कि वह तलाक-ए-बाईन (इस्लामी शरीयत के मुताबिक तलाक का एक प्रकार) देते हुए मुझे निकाह के रिश्ते से हमेशा के लिये आजाद कर रहे हैं. लेकिन मुझे यह एकतरफा तलाक कतई मंजूर नहीं है."
उन्होंने कहा, "मुदस्सिर से मेरा प्रेम विवाह वर्ष 2016 में हुआ था. अपने वैवाहिक रिश्ते के खातिर मैं पेशेवर अभिनय करना भी छोड़ चुकी हूं. हमारा दो महीने का बच्चा है और मैं अपने पति के साथ ही रहना चाहती हूं."अलीना ने बताया कि वह इंसाफ पाने के लिये चंदन नगर पुलिस थाने और कुछ आला पुलिस अफसरों के दफ्तरों के चक्कर काट चुकी हैं. लेकिन इसका कोई नतीजा नहीं निकला है. चंदन नगर पुलिस थाने के प्रभारी राहुल शर्मा ने इस मामले में संक्षिप्त प्रतिक्रिया में कहा, "यह पति-पत्नी के आपसी विवाद का मामला है." यह भी पढ़े: Triple Talaq: मुंबई से सटे ठाणे में पत्नी को तलाक देने वाले पति के खिलाफ मामला दर्ज
मामले में अलीना के पति मुदस्सिर बेग का पक्ष जानने के लिये उनसे संपर्क की कोशिश की गयी। लेकिन कई प्रयासों के बाद भी उनसे संपर्क नहीं हो सका.शरीयत के जानकारों के मुताबिक "तलाक-ए-बाइन" निकाह का रिश्ता तोड़ने का एक प्रकार है जो तीन तलाक (तलाक-ए-बिद्दत) से अलग होता है. गौरतलब है कि तीन तलाक (तलाक-ए-बिद्दत) को रोकने के लिये "मुस्लिम महिला (विवाह अधिकार संरक्षण) विधेयक 2019" लोकसभा से गुरुवार को पारित हो चुका है। अब इसे राज्यसभा में पेश किया जायेगा.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 27, 2019 09:29 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

