Lucknow Shocker: यूपी के लखनऊ में दुखद हादसा, ईंट से भरी ट्रैक्टर-ट्रॉली पलटने से 4 मजदूरों की मौत

लखनऊ के गोसाईंगंज क्षेत्र में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. सुल्तानपुर हाईवे पर गंगागंज के पास ईंटों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. इस हादसे में ट्रॉली और ईंटों के नीचे दबने से चालक समेत चार मजदूरों की मौत हो गई

Lucknow Shocker:  उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के गोसाईंगंज क्षेत्र में शनिवार तड़के एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया. सुल्तानपुर हाईवे पर गंगागंज के पास ईंटों से लदी एक ट्रैक्टर-ट्रॉली अनियंत्रित होकर सड़क पर पलट गई. इस हादसे में ट्रॉली और ईंटों के नीचे दबने से चालक समेत चार मजदूरों की मौत हो गई. वहीं, मध्य प्रदेश के रतलाम में मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर हुए एक अन्य हादसे में कार के दुर्घटनाग्रस्त होने से तीन महिलाओं समेत चार लोगों की जान चली गई और पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए.

सुल्तानपुर हाईवे पर तड़के हुआ भीषण हादसा

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना शनिवार सुबह करीब 4:45 बजे की है. ट्रैक्टर-ट्रॉली ईंट भट्ठे से ईंटें लादकर जा रही थी, तभी सुल्तानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर संतुलन बिगड़ने के कारण वह अनियंत्रित होकर पलट गई. ट्रॉली पर सवार मजदूर और चालक ईंटों और भारी वाहन के नीचे दब गए.  यह भी पढ़े:  Raigad Road Tragedy: महाराष्ट्र के रायगढ़ में दुखद हादसा, 800 फीट गहरी खाई में गिरी SUV, कार में सवार सभी 8 लोगों की मौत; VIDEO

घटना की जानकारी मिलते ही गोसाईंगंज पुलिस, एनएचएआई (NHAI) की रेस्क्यू टीम और फायर सर्विस का दस्ता मौके पर पहुंचा. क्रेन की मदद से पलटी हुई ट्रैक्टर-ट्रॉली को हटाकर दबे हुए लोगों को बाहर निकाला गया.

अस्पताल ले जाते समय चौथे मजदूर ने तोड़ा दम

रेस्क्यू टीम ने सभी घायलों को तुरंत 108 एंबुलेंस के जरिए नजदीकी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (CHC) गोसाईंगंज पहुंचाया. वहां डॉक्टरों ने तीन मजदूरों को मृत घोषित कर दिया, जबकि एक गंभीर रूप से घायल मजदूर को प्राथमिक उपचार के बाद ट्रामा सेंटर रेफर किया गया. हालांकि, ट्रामा सेंटर ले जाते समय उसने भी रास्ते में दम तोड़ दिया.

मृतकों की पहचान पीतांबर रावत (चालक), संदीप रावत, पवन रावत और बलराम रावत के रूप में हुई है. ये सभी पड़ोसी जिला बाराबंकी के कोठी थाना क्षेत्र के रहने वाले थे और स्थानीय ईंट-भट्ठे पर मजदूरी का काम करते थे. पुलिस ने सभी शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और परिजनों को सूचित कर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है.

रतलाम: दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर बड़ा सड़क हादसा

उधर, मध्य प्रदेश के रतलाम जिले में मुंबई-दिल्ली एक्सप्रेसवे पर देर रात एक और गंभीर सड़क दुर्घटना सामने आई. एक ही परिवार के लोग कार से झाबुआ से राजस्थान स्थित खाटू श्याम मंदिर के दर्शन के लिए जा रहे थे.

यात्रा के दौरान एक्सप्रेसवे पर कार चला रहा चालक सामने खड़े एक ट्रक को ओवरटेक करने का प्रयास कर रहा था. इसी दौरान वाहन से नियंत्रण छूट गया और कार अनियंत्रित होकर सड़क किनारे खड़े ट्रक से जोरदार तरीके से टकरा गई.

3 महिलाओं समेत 4 की मौत, 5 लोग घायल

यह टक्कर इतनी भीषण थी कि कार सवार तीन महिलाओं और एक अन्य व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई. हादसे में दो बच्चों (3 साल की बच्ची और 10 साल का बच्चा) समेत परिवार के 5 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं.

स्थानीय पुलिस और राहत दल ने घायलों को तुरंत कार से बाहर निकालकर रतलाम मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया है, जहां उनका इलाज चल रहा है. पुलिस मामले की जांच कर रही है.

Share Now