Ladli Behna Yojana: रक्षाबंधन से पहले आ सकती है 39वीं किस्त; मध्य प्रदेश की लाडली बहनों को मिलेंगे 1,500 रुपये, ऐसे चेक करें स्टेटस

मध्य प्रदेश सरकार की फ्लैगशिप 'मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना' की 39वीं किस्त अगस्त 2026 में जारी होने वाली है. कयास लगाए जा रहे हैं कि राज्य सरकार त्योहारों को ध्यान में रखते हुए रक्षाबंधन से पहले लाभार्थियों के बैंक खातों में 1,500 रुपये की राशि ट्रांसफर कर सकती है.

लाड़ली बहना योजना (Photo Credits: File Photo)

भोपाल: मध्य प्रदेश सरकार (Madhya Pradesh Government) की महत्वाकांक्षी 'मुख्यमंत्री लाडली बहना योजना' (Ladli Behna Yojana) के तहत प्रदेश की करोड़ों पात्र महिलाओं को आर्थिक सशक्तिकरण की दिशा में लगातार सहायता प्रदान की जा रही है. योजना के तहत अब तक सफलतापूर्वक 38 किस्तों का भुगतान किया जा चुका है और अब सभी लाभार्थी महिलाएं 39वीं किस्त की प्रतीक्षा कर रही हैं.

आगामी रक्षाबंधन पर्व के मद्देनजर मीडिया रिपोर्ट्स और कयासों के अनुसार, राज्य सरकार इस बार 1,500 रुपये की मासिक सहायता राशि निर्धारित समय से पहले जारी कर सकती है. हालांकि, भुगतान की सटीक तिथि को लेकर शासन की ओर से आधिकारिक घोषणा होना अभी बाकी है. यह भी पढ़ें: Ladli Behna Yojana: आज जारी होगी लाड़ली बहना योजना की 37वीं किस्त, मुख्यमंत्री मोहन यादव ट्रांसफर करेंगे ₹1,500; ऐसे चेक करें स्टेटस

कब तक आ सकती है 39वीं किस्त?

आमतौर पर योजना की किस्त हर महीने की 1 तारीख से 15 तारीख के बीच जारी की जाती है। पिछले भुगतान पैटर्न के अनुसार अगस्त 2026 की किस्त 15 अगस्त के आसपास आने की संभावना जताई जा रही है.

परंतु, रक्षाबंधन के त्योहार को देखते हुए माना जा रहा है कि सरकार उपहार स्वरूप यह राशि बहनों के खातों में रक्षाबंधन से पहले ही ट्रांसफर कर सकती है. योजना के नियमानुसार सभी लाभार्थियों को डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के माध्यम से बिना किसी बिचौलिए के सीधे बैंक खातों में राशि भेजी जाती है.

योजना की पात्रता शर्तें

लाडली बहना योजना की 1,500 रुपये की प्रति माह वित्तीय सहायता प्राप्त करने के लिए निम्नलिखित शर्ते आवश्यक हैं:

मूल निवासी: आवेदक महिला को मध्य प्रदेश का स्थायी निवासी होना अनिवार्य है.

वैवाहिक स्थिति: विवाहित, अविवाहित, परित्यक्ता और विधवा महिलाएं योजना के दायरे में आती हैं.

आयु सीमा: आवेदक की उम्र 21 वर्ष से 59 वर्ष के मध्य होनी चाहिए.

आर्थिक दायरा: आवेदक या उसके परिवार का कोई सदस्य आयकर दाता नहीं होना चाहिए और कुल कृषि भूमि 5 एकड़ से कम होनी चाहिए.

पोर्टल पर भुगतान का स्टेटस कैसे चेक करें?

लाभार्थी महिलाएं आधिकारिक वेब पोर्टल के माध्यम से अपनी पात्रता और हालिया भुगतान का स्टेटस आसानी से देख सकती हैं:

योजना के आधिकारिक पोर्टल cmladlibahna.mp.gov.in पर जाएं.

होमपेज पर दिए गए "आवेदन एवं भुगतान की स्थिति" विकल्प पर क्लिक करें.

अपना आवेदन नंबर या सदस्य समग्र आईडी दर्ज करें.

स्क्रीन पर दिए गए कैप्चा कोड को भरकर सबमिट करें.

पंजीकृत मोबाइल नंबर पर प्राप्त ओटीपी (OTP) को दर्ज कर सत्यापित करें.

'सर्च' बटन पर क्लिक करते ही आपकी स्क्रीन पर आवेदन का रिकॉर्ड और भुगतान विवरण प्रदर्शित हो जाएगा.

Share Now