देश

Kolkata Doctor Rape Murder Case: यूपी समेत देश के कई राज्यों में डॉक्टरों की हड़ताल; ओपीडी ठप, मरीज परेशान

पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की एक ट्रेनी डॉक्टर से रेप कर उसकी हत्या करने के मामले में देश के कई राज्यों में डॉक्टरों का मंगलवार को भी विरोध प्रदर्शन जारी है.

Kolkata Doctor Rape Murder Case: यूपी समेत देश के कई राज्यों में डॉक्टरों की हड़ताल; ओपीडी ठप, मरीज परेशान

नई दिल्ली, 13 अगस्त : पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता में आरजी कर मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल की एक ट्रेनी डॉक्टर से रेप कर उसकी हत्या करने के मामले में देश के कई राज्यों में डॉक्टरों का मंगलवार को भी विरोध प्रदर्शन जारी है. उत्तर प्रदेश के लखनऊ केजीएमयू में मंगलवार सुबह करीब नौ बजे जूनियर डॉक्टरों ने हड़ताल शुरू कर दी. इस कारण मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा.

डॉक्टरों ने ओपीडी में कामकाज ठप्प कर दिया है. डॉक्टर वार्ड में भर्ती मरीजों को भी देखने नहीं पहुंचे. इसके चलते तत्काल केजीएमयू प्रशासन ने सीनियर डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई. डॉक्टर कोलकाता के आरजे कर मेडिकल कॉलेज की महिला ट्रेनी डॉक्टर से रेप और हत्या में शामिल आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे हैं. इसके अलावा डॉक्टर इस मामले की सीबीआई जांच की भी मांग कर रहे हैं. उन्होंने महिला डॉक्टर को न्याय मिलना चाहिए जैसी नारे भी लगाए. यह भी पढ़ें : ‘जमानत नियम है, जेल अपवाद है’ का सिद्धांत विशेष कानूनों में भी लागू होता है: शीर्ष अदालत

डॉक्टरों का कहना है कि हम मामले में आरोपियों की गिरफ्तारी और सीबीआई जांच की मांग को लेकर विरोध प्रदर्शन कर रहे हैं. हमने आज भी कार्य का बहिष्कार किया है. केवल इमरजेंसी सेवाएं जारी हैं. उधर कोलकाता में महिला डॉक्टर से रेप और हत्या के खिलाफ छत्रपति संभाजीनगर के अस्पताल में डॉक्टरों ने आंदोलन शुरू किया है. इस दौरान बड़ी संख्या में डॉक्टरों की उपस्थिति देखी गई.

इस मौके पर मार्ड के डॉक्टरों ने यह स्पष्ट किया कि अब ऐसे अत्याचार बर्दाश्त नहीं किए जाएंगे. इसके साथ ही 'डॉक्टरों को न्याय मिलना चाहिए' जैसी नारे भी लगाए. डॉक्टरों ने कहा कि जब तक हमारी मांगें पूरी नहीं होती, तब तक हमारी हड़ताल जारी रहेगी. उनका कहना है कि इमरजेंसी सेवाओं को छोड़कर बाकी सभी सेवाएं बंद रहेंगी. मुंबई में भी डॉक्टरों की हड़ताल देखने को मिल रही है. मुंबई के नायर हॉस्पिटल में डॉक्टरों ने विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया है. डॉक्टरों ने महिला डॉक्टर के लिए इंसाफ की मांग करते हुए नारे लगाए. डॉक्टरों ने 'नो सेफ्टी, नो ड्यूटी' और हमारी मांगे पूरी करो जैसे नारे भी लगाए.

वहीं मध्य प्रदेश में भोपाल एम्स के डॉक्टरों ने भी हड़ताल पर जाने का ऐलान किया है. उनका कहना है कि मरीजों के लिए केवल इमरजेंसी सेवाएं जारी रहेंगी. बता दें कि कोलकाता के आरजी कर मेडिकल कॉलेज अस्पताल में जूनियर डॉक्टर के साथ गुरुवार-शुक्रवार की दरम्यानी रात दुष्कर्म की घटना सामने आई थी. मृतक मेडिकल कॉलेज में मेडिसिन विभाग की छात्रा थी. गुरुवार को अपनी ड्यूटी पूरी करने के बाद छात्रा अपने दोस्तों के साथ डिनर करने गई. इसके बाद, उसका कुछ पता नहीं चला. इस घटना के सामने आने के बाद मेडिसिन विभाग में हड़कंप मच गया.

चौथी मंजिल के सेमिनार हॉल मे छात्रा का अर्धनग्न अवस्था में शव बरामद हुआ था. घटनास्थल से मृतक छात्रा का मोबाइल फोन और लैपटॉप भी मिला. पोस्टमार्टम रिपोर्ट में मृतक महिला के मुंह, दोनों आंख और गुप्तांग पर चोट के निशान मिले थे. इसके अलावा, होठ, गर्दन, पेट सहित शरीर के कई भागों में चोट के निशान मिले थे.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 13, 2024 01:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).