देश

Karnataka: कर्नाटक में पेड़ पर मिला नाबालिग लड़की का कटा हुआ सिर

कर्नाटक से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पुलिस को शनिवार को कोडागु जिले में एक आम के पेड़ पर नाबालिग लड़की का कटा हुआ सिर मिला.

Karnataka: कर्नाटक में पेड़ पर मिला नाबालिग लड़की का कटा हुआ सिर
Representational Image

कोडागु, (कर्नाटक) 11 मई : कर्नाटक से एक हैरान करने वाला मामला सामने आया है. पुलिस को शनिवार को कोडागु जिले में एक आम के पेड़ पर नाबालिग लड़की का कटा हुआ सिर मिला. सगाई टूटने के बाद गुरुवार को आरोपी प्रकाश उर्फ ओमकारप्पा (32) ने 16 वर्षीय मीणा की हत्या कर दी. यह दिल दहला देने वाली घटना जिले के कुमाबारागडिगे गांव के पास सुरलाब्बी की है. आरोपी ने पीड़िता का सिर चाकू से काट दिया और कटे हुए सिर को लेकर जंगल में चला गया. पहले ऐसी खबरें सामने आई थीं कि आरोपी ने वारदात को अंजाम देने के बाद पेड़ से लटककर आत्महत्या कर ली है. हालांकि, पुलिस ने कहा कि आरोपी ने आत्महत्या नहीं की. पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है.

पुलिस ने बताया कि आरोपी जंगल में छिपा हुआ था. शुरुआती जांच के बाद आरोपी खुद ही पुलिस को उस स्थान पर ले गया जहां उसने लड़की का कटा हुआ सिर रखा था.आरोपी ने पुलिस को बताया कि पीड़िता के साथ उसकी सगाई टूट गई थी, जिसके बाद से वह परेशान था. उसने अपना अपराध कबूल कर लिया है. पुलिस ने बताया कि जिस जगह उसने लड़की की हत्या की, वहां से 300 मीटर दूर स्थित एक आम के पेड़ पर सिर रख दिया. शुक्रवार को पूरे दिन डॉग स्क्वायड और पुलिस कर्मियों ने सर्च अभियान चलाया लेकिन कटा हुआ सिर नहीं मिला. यह भी पढ़ें : बंगाल के राज्यपाल स्पष्ट करें कि छेड़खानी के आरोपों पर उन्हें इस्तीफा क्यों नहीं देना चाहिए: ममता

पुलिस ने बताया कि कटा हुआ सिर अब बरामद कर लिया गया है. शुरुआती जांच में पता चला कि आरोपी ने हत्या की योजना पहले से बना रखी थी. वह लड़की के घर आया था और उसके दोनों भाइयों को अपने गांव भेज दिया. बाद में, जब लड़की अपने माता-पिता के साथ अकेली थी तो वह घर में घुस गया और अपराध को अंजाम दिया. आरोपी प्रकाश ने मृतका के माता-पिता पर भी हमला किया. सूत्रों के अनुसार, आरोपी कथित तौर पर तब गुस्से में आया था जब दोनों परिवारों ने लड़की के बालिग होने तक उनकी शादी को टालने का फैसला लिया.

गुरुवार को महिला एवं बाल कल्याण विभाग के हस्तक्षेप के बाद सगाई टाल दी गई. घटनाक्रम के बाद मृतका और आरोपी के बीच फोन पर बातचीत हुई. लड़की ने आरोपी से कहा कि वह 18 साल की होने तक शादी नहीं करेगी, जिससे आरोपी नाराज हो गया. विभाग के अधिकारियों का कहना था कि उन्होंने मृतका के माता-पिता से 18 साल की उम्र तक अपनी बेटी की शादी नहीं करने का वचन लिया था. विभाग की हेल्पलाइन पर कॉल आने के बाद सगाई के बारे में जानकारी मिली.

(The above story first appeared on LatestLY on May 11, 2024 04:49 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).