Karnataka News: आम यात्री बनकर बीएमटीसी बस में चढ़े कर्नाटक के परिवहन मंत्री भैरती सुरेश, लापरवाही मिलने पर ड्राइवर-कंडक्टर को किया निलंबित; VIDEO
कर्नाटक के परिवहन मंत्री भैरती सुरेश ने शनिवार रात बेंगलुरु की बीएमटीसी बसों में आम यात्री बनकर औचक निरीक्षण किया. इस दौरान यात्रियों को होने वाली परेशानियों का सामना करने के बाद उन्होंने एक बस के ड्राइवर और कंडक्टर को निलंबित करने के आदेश दिए हैं.
Karnataka News: कर्नाटक के परिवहन मंत्री भैरती सुरेश ने शनिवार रात बेंगलुरु महानगर परिवहन निगम (BMTC) की बसों में एक आम नागरिक की तरह यात्रा कर सार्वजनिक परिवहन प्रणाली का औचक निरीक्षण किया. चेहरे पर मास्क लगाए मंत्री ने करीब दो घंटे तक शहर के विभिन्न रूटों पर 10 से अधिक बसों में सफर किया. इस औचक निरीक्षण के दौरान आम जनता को रोजाना होने वाली कई गंभीर लापरवाही सामने आईं, जिस पर त्वरित कार्रवाई करते हुए मंत्री ने एक बस के ड्राइवर और कंडक्टर को तुरंत निलंबित करने के निर्देश दिए.
बस स्टॉप पर गाड़ी न रोकने पर निलंबन
निरीक्षण के दौरान सबसे बड़ी लापरवाही तब सामने आई, जब एक बीएमटीसी बस ने 'फन वर्ल्ड' बस स्टॉप पर यात्री के इशारा करने के बावजूद गाड़ी नहीं रोकी. मंत्री भैरती सुरेश ठीक उसी बस के पीछे आ रही दूसरी बस में सवार थे और उन्होंने इस घटना को अपनी आंखों से देखा. इस पर कड़ा रुख अपनाते हुए उन्होंने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को निर्देश देकर बस के ड्राइवर मुश्ताक और कंडक्टर दयानंद को ड्यूटी में लापरवाही बरतने के आरोप में सस्पेंड कर दिया. यह भी पढ़े: DGP Ramachandra Rao Suspended: कर्नाटक के डीजीपी रामचंद्र राव को ऑफिस में महिला से अश्लील हरकत करना पड़ा भारी, VIDEO वायरल होने पर निलंबित
परिवहन मंत्री भैरती सुरेश की कार्रवाई
'छुट्टे पैसे नहीं हैं, बस से उतर जाओ'
हेब्बाल से नागाशेट्टीहल्ली रूट पर यात्रा के दौरान परिवहन मंत्री को आम यात्रियों की एक और बड़ी समस्या का सामना करना पड़ा. जब उन्होंने टिकट के लिए कंडक्टर को 100 रुपये का नोट दिया, तो कंडक्टर ने चिल्हर (चेंज) न होने की बात कही. मंत्री द्वारा छुट्टे पैसे न होने की बात कहने पर कंडक्टर ने उन्हें टिकट देने के बजाय बस से उतर जाने को कह दिया. मास्क पहने होने के कारण कंडक्टर मंत्री को पहचान नहीं सका और सुरेश बिना कुछ बोले बस से नीचे उतर गए.
ऑटो किराए के विवाद में भी किया हस्तक्षेप
बसों का जायजा लेने के बाद जब परिवहन मंत्री नागाशेट्टीहल्ली में उतरे, तो उन्होंने वहां ऑटो-रिक्शा चालकों की मनमानी भी देखी. उन्होंने एक ऑटो चालक को यात्री से मीटर रीडिंग (30 रुपये) से अधिक (36 रुपये) की मांग करते हुए पाया. मंत्री ने खुद इस मामले में दखल दिया और मीटर के अनुसार ही किराया वसूलने की हिदायत दी.
आगे भी जारी रहेंगे औचक निरीक्षण
इस पूरे औचक निरीक्षण को एक 'रियलिटी चेक' बताते हुए परिवहन मंत्री भैरती सुरेश ने कहा कि सार्वजनिक परिवहन व्यवस्था में जवाबदेही तय करने और अनुशासन लागू करने के लिए बेंगलुरु में आगे भी ऐसे औचक निरीक्षण जारी रहेंगे. उन्होंने स्पष्ट किया कि यात्रियों के साथ दुर्व्यवहार या किसी भी तरह की लापरवाही को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा.