Karnataka Bus Fire Video: कर्नाटक के विजयपुरा में भीषण सड़क हादसा, बस और बाइक की टक्कर में दोनों में लगी आग

कर्नाटक के विजयपुरा जिले में सिंदगी तालुक के कन्नोल्ली टोल गेट के पास KSRTC बस और मोटरसाइकिल की आमने-सामने भीषण टक्कर में बाइक सवार युवक मौके पर ही जलकर मौत हो गया

(Photo credits File)

Karnataka Bus Fire Video: कर्नाटक के विजयपुरा जिले में एक रूह कंपा देने वाला सड़क हादसा सामने आया है. सिंदगी तालुक के कन्नोल्ली टोल गेट के पास एक तेज रफ्तार मोटरसाइकिल और कर्नाटक राज्य सड़क परिवहन निगम (KSRTC) की बस के बीच आमने-सामने की जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर इतनी भीषण थी कि मोटरसाइकिल में तुरंत आग लग गई और बाइक सवार युवक को संभलने का मौका तक नहीं मिला. इस दर्दनाक हादसे में युवक की मौके पर ही जिंदा जलकर मौत हो गई.

टक्कर के बाद आग का गोला बनी बस और बाइक

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर होते ही मोटरसाइकिल से निकली चिंगारी ने पेट्रोल टैंक को चपेट में ले लिया. देखते ही देखते बाइक आग का गोला बन गई. आग की लपटें इतनी तेज थीं कि उन्होंने तुरंत बस को भी अपनी चपेट में ले लिया. सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे घटना के वीडियो में देखा जा सकता है कि कैसे बस और बाइक धू-धू कर जल रहे हैं. इस दौरान बाइक सवार का शव बस के अगले हिस्से में फंसा रहा, जिससे उसे बाहर निकालना असंभव हो गया.  यह भी पढ़े:  Karnataka: कलबुर्गी में भीषण हादसा, टेंपो से टक्कर के बाद बस में लगी भीषण आग, 7 यात्री जिंदा ज

विजयपुरा में भीषण सड़क हादसा

यात्रियों की सूझबूझ से टला बड़ा हादसा

जिस वक्त यह हादसा हुआ, बस में कई यात्री सवार थे. गनीमत यह रही कि जैसे ही बाइक में आग लगी, बस ड्राइवर और कंडक्टर ने मुस्तैदी दिखाते हुए तुरंत सभी यात्रियों को नीचे उतार दिया. समय रहते बस खाली होने के कारण एक बड़ा हादसा टल गया और सभी यात्री सुरक्षित बाहर निकलने में कामयाब रहे. यदि यात्रियों को निकलने में थोड़ी भी देरी होती, तो हताहतों की संख्या बढ़ सकती थी.

दमकल विभाग की कार्रवाई और पुलिस जांच

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और आपातकालीन सेवाओं की टीम मौके पर पहुंची. काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया, लेकिन तब तक बाइक सवार पूरी तरह जल चुका था. स्थानीय पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है. हालांकि, अभी तक मृतक युवक की शिनाख्त नहीं हो पाई है. पुलिस आसपास के क्षेत्रों के लापता लोगों के रिकॉर्ड खंगाल रही है ताकि मृतक की पहचान की जा सके.

इलाके में शोक और सुरक्षा पर सवाल

इस भयानक घटना के बाद सिंदगी इलाके में सन्नाटा पसरा हुआ है और लोग सदमे में हैं. स्थानीय निवासियों ने टोल गेट के पास यातायात प्रबंधन और वाहनों की रफ्तार को लेकर चिंता जताई है. पुलिस अब इस बात की जांच कर रही है कि हादसा तेज रफ्तार के कारण हुआ या किसी वाहन की लापरवाही की वजह से.

Share Now