कानपुर: जन्मदिन पर '16 मिनट में ₹16' का ऑफर पड़ा भारी, भीड़ बेकाबू होने पर पुलिस को भांजनी पड़ी लाठी
कानपुर के अनवरगंज थाना क्षेत्र स्थित आलम मार्केट में दुकानदार रईस आलम द्वारा जन्मदिन के मौके पर '16 मिनट में 16 रुपये का सामान' देने के ऑफर के बाद भारी भीड़ उमड़ पड़ी. स्थिति बेकाबू होने पर पुलिस को हल्का बल प्रयोग कर भीड़ को नियंत्रित करना पड़ा.
कानपुर. उत्तर प्रदेश के कानपुर स्थित अनवरगंज थाना क्षेत्र के आलम मार्केट में देर रात उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक कपड़ा कारोबारी का अनोखा डिस्काउंट ऑफर क्षेत्र में हंगामे का कारण बन गया. आलम मार्ट के संचालक रईस आलम (आलम भाई) ने अपने जन्मदिन के उपलक्ष्य में '16 मिनट में ₹16 में कोई भी सामान' देने का प्रचार किया था. सोशल मीडिया पर रील और विज्ञापनों के जरिए यह खबर फैलते ही देर रात हजारों की संख्या में लोग मार्केट में जुट गए.
देखते ही देखते मार्केट के आसपास सड़कों पर लंबा जाम लग गया और दुकान के बाहर धक्का-मुक्की शुरू हो गई. भीड़ इतनी बढ़ गई कि भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई, जिसके बाद कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को हस्तक्षेप करना पड़ा.
देखें VIdeo:
सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था ऑफर
कारोबारी ने अपने जन्मदिन के अवसर पर ग्राहकों को आकर्षित करने के लिए स्थानीय इन्फ्लुएंसर्स और सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स के माध्यम से इस विशेष सेल का प्रचार किया था. रील में दावा किया गया था कि महज 16 मिनट के लिए कपड़े और फैशन गार्मेंट्स समेत कई उत्पाद केवल 16 रुपये में मिलेंगे.
कम समय सीमा और भारी डिस्काउंट की सूचना मिलते ही देर रात 12 बजे के आसपास आलम मार्केट में भारी जनसैलाब उमड़ पड़ा.
स्थिति संभालने के लिए पुलिस का बल प्रयोग
मार्केट में अचानक बेकाबू हुई भीड़ और अफरा-तफरी की सूचना मिलने पर अनवरगंज थाने की पुलिस टीम मौके पर पहुंची. मौके पर पहुंची पुलिस ने पहले लोगों को समझाने और भीड़ को हटाने का प्रयास किया.
हालांकि स्थिति बिगड़ती देख और शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस को हल्का बल प्रयोग (लाठी पटककर) कर भीड़ को खदेड़ना पड़ा. इस घटनाक्रम के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गए हैं, जिनमें रात के समय भागती हुई भीड़ और पुलिस बल तैनात दिखाई दे रहा है.
कानूनी कार्रवाई की तैयारी
कानपुर पुलिस के अनुसार, घटना के बाद क्षेत्र में शांति व्यवस्था पूरी तरह बहाल कर दी गई है. पुलिस अधिकारियों ने स्पष्ट किया कि सार्वजनिक स्थान पर बिना अनुमति भीड़ जुटाने, यातायात बाधित करने और शांति व्यवस्था में व्यवधान डालने के आरोप में संबंधित दुकानदार रईस आलम और अन्य जिम्मेदार लोगों के खिलाफ नियमानुसार वैधानिक कार्रवाई की जा रही है.