देश

Kalyan Robbery Video: मुंबई से सटे कल्याण में दिनदहाड़े लूट, व्यापारी से 40 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर बदमाश फरार; CCTV में वारदात कैद

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वालधुनी क्षेत्र के निवासी और तंबाकू व बिस्किट व्यवसाय से जुड़े फारूक अख्तर अपने एक कर्मचारी के साथ दोपहिया वाहन पर सवार होकर बैंक ऑफ बड़ौदा में 40 लाख रुपये नकद जमा कराने जा रहे थे.

Kalyan Robbery Video: मुंबई से सटे कल्याण में दिनदहाड़े लूट, व्यापारी से 40 लाख रुपये से भरा बैग छीनकर बदमाश फरार; CCTV में वारदात कैद

Kalyan Robbery Video:  महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण (पश्चिम) इलाके में सुरक्षा व्यवस्था के दावों के बीच दिनदहाड़े 40 लाख रुपये की सनसनीखेज लूट का मामला सामने आया है. ओल्ड मुंबई-आग्रा रोड पर स्थित सहजानंद चौक के पास मोटरसाइकिल सवार नकाबपोश बदमाशों ने एक व्यापारी और उनके कर्मचारी पर हमला कर नकदी से भरा बैग लूट लिया और फरार हो गए. यह पूरी वारदात सड़क किनारे लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है.

बैंक जाने के दौरान हुआ हमला

प्राप्त जानकारी के अनुसार, वालधुनी क्षेत्र के निवासी और तंबाकू व बिस्किट व्यवसाय से जुड़े फारूक अख्तर अपने एक कर्मचारी के साथ दोपहिया वाहन पर सवार होकर बैंक ऑफ बड़ौदा में 40 लाख रुपये नकद जमा कराने जा रहे थे.

कल्याण में दिनदहाड़े लूट

बैंक से महज 100 मीटर की दूरी पर पीछे से आए दोपहिया वाहनों पर सवार नकाबपोश बदमाशों ने उनकी गाड़ी में जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर लगते ही फारूक अख्तर और उनका साथी सड़क पर गिर पड़े.

मारपीट के बाद नकद लेकर हुए फरार

गाड़ी से गिरने के बाद जब पीड़ित पक्ष ने विरोध करने का प्रयास किया, तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट की और 40 लाख रुपये से भरा बैग छीन लिया. इसके बाद चारों आरोपी अपनी दो मोटरसाइकिलों पर सवार होकर दुर्गाडी किले की दिशा में भाग निकले. पीड़ितों के मुताबिक, अपराधियों की गाड़ियों पर नंबर प्लेट नहीं लगी हुई थी.

गणेशोत्सव के बीच सुरक्षा पर उठे सवाल

यह वारदात गणेशोत्सव पर्व के दौरान हुई है, जब कल्याण-डोंबिवली क्षेत्र में भीड़ नियंत्रण और सुरक्षा के लिए 1,000 से अधिक पुलिसकर्मियों और होमगार्डों को तैनात किया गया है. ऐसे समय में व्यस्त बाजार क्षेत्र में हुई इस घटना से स्थानीय व्यापारियों और निवासियों में असुरक्षा की भावना पैदा हो गई है.

पुलिस की जांच और सीसीटीवी फुटेज की समीक्षा

घटना की सूचना मिलने के बाद बाजारपेठ थाना पुलिस और फोरेंसिक टीम ने तुरंत मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है. पुलिस अधिकारी गणेश न्यायदे ने बताया कि अज्ञात आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है और संदिग्धों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं.

पुलिस आसपास की दुकानों और सड़कों के सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही है. अंदेशा जताया जा रहा है कि आरोपियों को व्यापारी के पास नकदी होने और उनके आने-जाने के समय की पहले से जानकारी थी.

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 16, 2026 03:25 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).