गोरखपुर-राप्तीसागर एक्सप्रेस में चलती ट्रेन में साइंटिस्ट की पत्नी के 15 लाख के गहने चोरी, चोरों ने आभूषण से भरा बैग लेकर फरार
पीड़ित वैज्ञानिक ने बताया कि चोरी हुए पर्स में करीब 125 ग्राम सोने के गहने थे. इसमें एक मंगलसूत्र, एक रानीहार, एक कड़ा, एक अंगूठी, दो कान के कुंडल, एक चेन और दो छोटी कान की चेन शामिल थीं.
गोरखपुर-राप्तीसागर एक्सप्रेस (12512) के फर्स्ट एसी कोच में एक बड़े चोरी का मामला सामने आया है. दीपावली की छुट्टियों के बाद लखनऊ लौट रहे राष्ट्रीय वनस्पति अनुसंधान संस्थान (एनबीआरआई) के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. मनीष भोयर की पत्नी का पर्स चोरी हो गया, जिसमें करीब 15 लाख रुपये मूल्य के सोने के गहने थे. घटना तब हुई जब ट्रेन झांसी स्टेशन के पार उरई स्टेशन की ओर बढ़ रही थी. चोरों ने मौके का फायदा उठाकर गहनों से भरा बैग चुराकर फरार हो गए.
28 अक्टूबर को कर रही थी यात्रा
जानकारी के अनुसार 28 अक्टूबर को तिरुवनंतपुरम से गोरखपुर के बीच चलने वाली राप्तीसागर एक्सप्रेस में डॉ. मनीष भोयर अपनी पत्नी भाग्यश्री के साथ सवार थे. दोनों फर्स्ट एसी कोच (एच-1) की सीट नंबर ई-13 और ई-14 पर यात्रा कर रहे थे. सुबह करीब साढ़े चार बजे ट्रेन झांसी स्टेशन पहुंची, तब सब कुछ सामान्य था. कुछ देर बाद भाग्यश्री ने देखा कि उनका पर्स गायब है. आसपास खोजबीन के बावजूद पर्स का कोई सुराग नहीं मिला. यह भी पढ़े: SC on Theft In Train: ट्रेन में चोरी हो जाएं पैसे या कीमती सामान तो रेलवे लौटाएगा रकम? जानें सुप्रीम कोर्ट का फैसला
पर्स में इतने गहने थे
पीड़ित वैज्ञानिक ने बताया कि चोरी हुए पर्स में करीब 125 ग्राम सोने के गहने थे. इसमें एक मंगलसूत्र, एक रानीहार, एक कड़ा, एक अंगूठी, दो कान के कुंडल, एक चेन और दो छोटी कान की चेन शामिल थीं.
रेलवे पुलिस की जांच शुरू
पर्स गायब होने के बाद दंपति ने तुरंत जीआरपी से संपर्क किया. लखनऊ पहुंचने पर चारबाग रेलवे स्टेशन जीआरपी थाने में शिकायत दर्ज कराई गई. जीआरपी ने मामले में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस टीम आसपास के स्टेशनों की सीसीटीवी फुटेज और यात्रियों की सूची खंगाल रही है ताकि संदिग्धों का पता लगाया जा सके.
(The above story first appeared on LatestLY on Nov 03, 2025 09:34 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

