International Yoga Day 2026: इंटरनेशनल योग दिवस के मौके पर वडोदरा में दिखा अनोखा नजारा, लोगों ने पानी के अंदर किया 'अंडरवॉटर योग'; देखें VIDEO
12वें अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के अवसर पर गुजरात के वडोदरा में लोगों ने पानी के अंदर (अंडरवॉटर) योग कर एक अनोखा संदेश दिया. इस वर्ष का वैश्विक आयोजन 'स्वस्थ आयु के लिए योग' की थीम पर मनाया जा रहा है.
International Yoga Day 2026: आज, 21 जून 2026 को देश और दुनिया भर में 12वां अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस बेहद उत्साह के साथ मनाया जा रहा है. इस खास मौके पर गुजरात के वडोदरा शहर से योग की एक बेहद अनोखी और आकर्षक तस्वीर सामने आई है. वडोदरा में योग उत्साही लोगों और तैराकों के एक समूह ने स्विमिंग पूल में पानी के अंदर (अंडरवॉटर) योग के विभिन्न कठिन आसनों का प्रदर्शन किया. पानी के भीतर संतुलन और सांस पर नियंत्रण बनाकर किए गए इस योगाभ्यास ने हर किसी का ध्यान अपनी ओर खींचा है, जिसका वीडियो और तस्वीरें सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रही हैं.
पानी के भीतर दिखाया फिटनेस का दम
वडोदरा में आयोजित इस विशेष सत्र में युवाओं के साथ-साथ बड़ी संख्या में महिलाओं ने भी हिस्सा लिया. पानी के अंदर पद्मासन, ताड़ासन और सुखासन जैसे विभिन्न आसनों का अभ्यास किया गया. आयोजकों के अनुसार, अंडरवॉटर योग सामान्य योगाभ्यास की तुलना में थोड़ा अधिक चुनौतीपूर्ण होता है क्योंकि इसमें पानी के प्रतिरोध (Resistence) के बीच शरीर को संतुलित रखना पड़ता है. यह न केवल फेफड़ों की क्षमता (Stamina) को बढ़ाता है, बल्कि मानसिक एकाग्रता को भी मजबूत करता है. इस अनोखे प्रदर्शन के जरिए लोगों को स्वास्थ्य और फिटनेस के प्रति जागरूक रहने का संदेश दिया गया. यह भी पढ़े: International Yoga Day 2026: अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर कोलकाता में PM मोदी ने किया योग, लेह की बर्फीली चोटियों पर जवानों ने दिखाया दम देखें VIDEO
अंडरवॉटर योग
इस वर्ष की थीम: 'स्वस्थ आयु के लिए योग'
इस साल यानी 2026 के अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की आधिकारिक थीम 'स्वस्थ आयु के लिए योग' (Yoga for Healthy Ageing) निर्धारित की गई है. इस थीम का मुख्य उद्देश्य बढ़ती उम्र के साथ आने वाली शारीरिक और मानसिक चुनौतियों से निपटने में योग की भूमिका को रेखांकित करना है. केंद्र सरकार के आयुष मंत्रालय के अनुसार, नियमित योगाभ्यास से बढ़ती उम्र में भी व्यक्ति न केवल शारीरिक रूप से आत्मनिर्भर रह सकता है, बल्कि जीवनशैली से जुड़ी गंभीर बीमारियों (Lifestyle Diseases) से भी खुद को सुरक्षित रख सकता है.
गुजरात भर में योग का माहौल
वडोदरा के इस अनोखे आयोजन के अलावा, पूरे गुजरात में अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस की धूम देखी जा रही है. अहमदाबाद के साबरमती रिवरफ्रंट, सूरत, राजकोट और स्टैच्यू ऑफ यूनिटी (केवडिया) जैसे प्रमुख स्थलों पर भी बड़े पैमाने पर सामूहिक योग सत्र आयोजित किए गए हैं. गुजरात साइंस सिटी में भी एक विशेष सत्र का आयोजन हुआ, जिसमें सैकड़ों छात्रों और नागरिकों ने हिस्सा लिया. राज्य सरकार और स्थानीय प्रशासन के सहयोग से हर गांव और शहर में योग को दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए विभिन्न अभियान चलाए जा रहे हैं.