NEET UG Re-Exam 2026 Today: छात्रों को बड़ी राहत, नीट यूजी री-परीक्षा के चलते आज सेंट्रल और वेस्टर्न रेलवे पर नहीं रहेगा मेगा ब्लॉक; चेक डिटेल्स
मुंबई लोकल ट्रेन के यात्रियों और नीट उम्मीदवारों के लिए बड़ी राहत की खबर है. आज, 21 जून 2026 को नीट यूजी री-एग्जाम के मद्देनजर सेंट्रल और वेस्टर्न रेलवे ने अपना नियमित संडे मेगा ब्लॉक रद्द कर दिया है, ताकि छात्र समय पर परीक्षा केंद्र पहुंच सकें.
NEET UG Re-Exam 2026 Today: नीट यूजी (NEET-UG) की री-परीक्षा में शामिल होने वाले छात्रों के लिए रेलवे प्रशासन ने बड़ा फैसला लिया है. आज, रविवार 21 जून 2026 को मुंबई लोकल ट्रेन के सेंट्रल और वेस्टर्न दोनों रेल नेटवर्कों पर होने वाला नियमित 'संडे मेगा ब्लॉक' या 'जंबो ब्लॉक' लागू नहीं किया जाएगा. मध्य रेलवे (Central Railway) और पश्चिम रेलवे (Western Railway) ने परीक्षा केंद्रों तक पहुंचने वाले परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए यह कदम उठाया है. आज रविवार होने के बावजूद मुंबई लोकल की सभी लाइनें आम कामकाजी दिनों (Weekdays) के टाइमटेबल के अनुसार पूरी क्षमता से संचालित की जा रही हैं.
सेंट्रल रेलवे चलाएगा सभी 1,820 लोकल सेवाएं
मध्य रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी (CPRO) डॉ. स्वप्निल नीला के अनुसार नीट यूजी 2026 परीक्षा देने वाले छात्रों की सहूलियत के लिए 21 जून को मेगा ब्लॉक नहीं चलाने का निर्णय लिया गया है. सामान्य तौर पर रविवार को मध्य रेलवे केवल 1,478 उपनगरीय सेवाएं ही चलाता है, लेकिन आज रेलवे अपने पूरे बेड़े को ट्रैक पर उतारेगा. आज सेंट्रल, हार्बर, ट्रांस-हार्बर और उरण लाइनों पर कुल 1,820 लोकल ट्रेन सेवाएं संचालित की जा रही हैं, जिनमें 94 एसी (AC) लोकल ट्रेनें भी शामिल हैं. यह भी पढ़े: NEET-UG 2026 Re-Exam: देशभर में कड़ी सुरक्षा के बीच नीट-यूजी री-एग्जाम शुरू, शाम 5:15 बजे तक चलेगी परीक्षा
वेस्टर्न रेलवे ने रद्द किया जंबो ब्लॉक
पश्चिम रेलवे ने भी परीक्षार्थियों के सफर को आसान बनाने के लिए चर्चगेट से विरार-दहानू रूट के बीच होने वाले अपने 'जंबो ब्लॉक' को रद्द कर दिया है. पश्चिम रेलवे के मुख्य जनसंपर्क अधिकारी विनीत अभिषेक ने बताया कि रविवार को आमतौर पर ट्रेनों की संख्या कम रहती है, लेकिन आज ट्रेनों को सामान्य दिनों (सोमवार से शनिवार) की तरह ही चलाया जा रहा है. इस फैसले का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि किसी भी छात्र को परीक्षा केंद्र तक पहुंचने में देरी न हो और वे बिना किसी यात्रा व्यवधान के सफर कर सकें.
परीक्षा केंद्रों पर समय से पहुंचने की सलाह
एनटीए (NTA) की गाइडलाइन के अनुसार, परीक्षा केंद्रों पर रिपोर्टिंग का समय सुबह 11:00 बजे से दोपहर 1:30 बजे के बीच रखा गया है. रेलवे द्वारा ब्लॉक रद्द किए जाने और सामान्य दिनों की तरह ट्रेनें चलाने से छात्रों को बड़ी राहत मिली है. हालांकि, रेलवे अधिकारियों ने छात्रों और अभिभावकों को सलाह दी है कि वे स्टेशन और सड़कों पर होने वाली संभावित भीड़ को ध्यान में रखते हुए समय से थोड़ा पहले ही घर से निकलें.
एनटीए ने सोशल मीडिया की अफवाहों से बचने को कहा
इस बीच, नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर एक पोस्ट के जरिए उम्मीदवारों से शांति बनाए रखने की अपील की है. एनटीए ने स्पष्ट किया है कि परीक्षा अपने निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार ही आयोजित की जा रही है. एजेंसी ने छात्रों से अनुरोध किया है कि वे परीक्षा स्थगित होने या किसी अन्य भ्रामक सोशल मीडिया अफवाहों में न आएं और केवल आधिकारिक चैनलों से जारी सूचनाओं पर ही भरोसा करें.