शिक्षा

NEET-UG 2026 Re-Exam: देशभर में कड़ी सुरक्षा के बीच नीट-यूजी री-एग्जाम शुरू, शाम 5:15 बजे तक चलेगी परीक्षा

नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा 21 जून 2026 को देशभर में नीट-यूजी (NEET-UG) री-एग्जाम का आयोजन किया जा रहा है. पेपर लीक विवाद के बाद आयोजित हो रही इस परीक्षा को कड़े सुरक्षा इंतजामों और एआई (AI) निगरानी के बीच संपन्न कराया जा रहा है.

NEET-UG 2026 Re-Exam: देशभर में कड़ी सुरक्षा के बीच नीट-यूजी री-एग्जाम शुरू, शाम 5:15 बजे तक चलेगी परीक्षा
NEET-UG 2026 Re-Exam

NEET-UG 2026 Re-Exam:  देश के प्रतिष्ठित मेडिकल कॉलेजों में दाखिले के लिए नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) द्वारा आज, 21 जून 2026 को नीट-यूजी (NEET-UG) की दोबारा परीक्षा (Re-exam) आयोजित की जा रही है. पिछले महीने 3 मई को आयोजित हुई परीक्षा में पेपर लीक और अन्य गड़बड़ियों की शिकायतों के बाद इस परीक्षा को दोबारा कराया जा रहा है. देश के 551 शहरों और 14 अंतर्राष्ट्रीय केंद्रों सहित कुल 5,440 परीक्षा केंद्रों पर लगभग 22 लाख छात्र इस परीक्षा में शामिल हो रहे हैं. परीक्षा दोपहर 2.00 बजे शुरू हो चुकी है, जो शाम को 5.15 बजे तक चलेगी.

परीक्षा का बदला हुआ समय और अतिरिक्त 15 मिनट

एनटीए (NTA) ने इस बार नीट-यूजी री-एग्जाम की अवधि में 15 मिनट की बढ़ोतरी की है. इस बार परीक्षा के लिए कुल 3 घंटे 15 मिनट (195 मिनट) का समय दिया गया है. परीक्षा दोपहर 2.00 बजे से शुरू होकर शाम 5.15 बजे संपन्न होगी. एनटीए के अनुसार, यह अतिरिक्त 15 मिनट छात्रों को परीक्षा हॉल के भीतर जरूरी औपचारिकताओं, जैसे बायोमेट्रिक उपस्थिति और ओएमआर (OMR) शीट की जांच को पूरा करने के दौरान हुए समय के नुकसान की भरपाई के लिए दिए गए हैं. दिव्यांग (PwD) श्रेणी के उम्मीदवारों को नियमानुसार अतिरिक्त समय दिया गया है, जिसके तहत उनकी परीक्षा शाम 6.20 बजे तक चलेगी.  यह भी पढ़े: NEET-UG 2026 Re-Exam: नीट-यूजी री-एग्जाम के लिए देशभर में 22.8 लाख छात्र देंगे परीक्षा, लड़कों की तुलना में लड़कियों की संख्या अधिक

केंद्रों पर सुरक्षा के कड़े इंतजाम

पिछले विवादों से सबक लेते हुए इस बार परीक्षा केंद्रों पर सुरक्षा का अभूतपूर्व सुरक्षा घेरा तैयार किया गया है. सभी केंद्रों पर एआई-सक्षम (AI-enabled) सीसीटीवी कैमरे, बायोमेट्रिक सत्यापन और सिग्नल जैमर्स लगाए गए हैं ताकि किसी भी प्रकार की तकनीकी गड़बड़ी या नकल को रोका जा सके.

उम्मीदवारों के लिए रिपोर्टिंग का समय सुबह 11.00 बजे से दोपहर 1.30 बजे तक रखा गया था. दोपहर 1.30 बजे परीक्षा केंद्रों के मुख्य द्वारों को पूरी तरह बंद कर दिया गया और इसके बाद किसी भी छात्र को एंट्री नहीं दी गई. छात्रों को केवल नया एडमिट कार्ड, एक वैध सरकारी पहचान पत्र (जैसे आधार कार्ड, पैन कार्ड) और पासपोर्ट साइज फोटो ले जाने की अनुमति दी गई थी.

ड्रेस कोड और प्रतिबंधित वस्तुएं

एनटीए ने परीक्षा के सुचारू संचालन के लिए एक सख्त ड्रेस कोड लागू किया है. छात्रों को हल्के रंग के आधे आस्तीन (Half-sleeve) के कपड़े और चप्पल या कम हील वाले सैंडल पहनकर आने की अनुमति दी गई थी.

पूरी आस्तीन के कपड़े, बड़े बटन वाले परिधान, जूते और किसी भी प्रकार के आभूषण (जैसे अंगूठी, कान की बाली, चेन) पूरी तरह प्रतिबंधित रहे. इसके अलावा मोबाइल फोन, स्मार्टवॉच, कैलकुलेटर, वॉलेट, बैग और खाने-पीने की वस्तुएं परीक्षा हॉल के भीतर ले जाने पर सख्त पाबंदी रही. धार्मिक या सांस्कृतिक पोशाक पहनने वाले उम्मीदवारों को गहन सुरक्षा जांच के लिए केंद्रों पर काफी पहले बुलाया गया था.

परीक्षा का पैटर्न और पारदर्शिता के प्रयास

नीट-यूजी 2026 की यह परीक्षा ऑफलाइन (पेन और पेपर) मोड में आयोजित हो रही है. इस प्रश्नपत्र में कुल 180 बहुविकल्पीय प्रश्न (MCQs) शामिल हैं, जो कुल 720 अंकों के हैं. इसमें फिजिक्स से 45 प्रश्न, केमिस्ट्री से 45 प्रश्न और बायोलॉजी से 90 प्रश्न पूछे गए हैं.

प्रत्येक सही उत्तर के लिए 4 अंक दिए जाएंगे, जबकि प्रत्येक गलत उत्तर के लिए 1 अंक काट लिया जाएगा (नेगेटिव मार्किंग). परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता बढ़ाने के लिए एनटीए ने स्पष्ट किया है कि छात्र परीक्षा समाप्त होने के बाद टेस्ट बुकलेट अपने साथ घर ले जा सकेंगे. आधिकारिक प्रोविजनल आंसर-की (Answer Key) आने वाले कुछ दिनों में आधिकारिक वेबसाइट neet.nta.nic.in पर जारी की जाएगी

(The above story first appeared on LatestLY on Jun 21, 2026 03:32 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).