Lonavala-Karjat Route: मुंबई-पुणे रेल मार्ग पर भूस्खलन के चलते लोनावला-कर्जत रूट की 14 ट्रेनें रद्द, CR ने वंदे भारत समेत कई ट्रेनों के रूट बदले

मुंबई-पुणे रेल खंड के लोनावला-कर्जत सेक्शन में ठाकुरवाड़ी और मंकी हिल के बीच हुए भूस्खलन के कारण रेल यातायात गंभीर रूप से प्रभावित हुआ है. सेंट्रल रेलवे ने 14 ट्रेनों को रद्द और 5 ट्रेनों के रूट में बदलाव किया है.

(Photo Credits Wikimedia commons)

Lonavala-Karjat Route:  मध्य रेलवे (Central Railway) के मुंबई मंडल अंतर्गत लोनावला-कर्जत रेल खंड पर भारी बारिश के बाद हुए भूस्खलन के कारण ट्रेन सेवाएं गंभीर रूप से प्रभावित हुई हैं. ठाकुरवाड़ी केबिन और मंकी हिल केबिन के बीच ट्रैक पर भारी मलबा और चट्टानें गिरने के कारण रेलवे प्रशासन को बड़ा फैसला लेना पड़ा है. रेलवे द्वारा जारी ताजा अपडेट के अनुसार, इस रूट पर चलने वाली 14 महत्वपूर्ण ट्रेनों को पूरी तरह रद्द कर दिया गया है, जबकि 5 ट्रेनों का मार्ग बदला गया है. इसके अलावा कई ट्रेनों को शॉर्ट-टर्मिनेट (गंतव्य से पहले रोकना) किया गया है.

इस भूस्खलन के कारण मुंबई और पुणे जैसे दो बड़े शहरों के बीच का मुख्य रेल संपर्क अस्थाई रूप से बाधित हो गया है. रेलवे की तकनीकी टीमें और सैकड़ों मजदूर मौके पर मलबा हटाने और पटरियों को दुरुस्त करने के काम में जुटे हैं.

रद्द होने वाली प्रमुख ट्रेनें

रेलवे द्वारा जारी सूची के अनुसार, आज (7 जुलाई) और कल (8 जुलाई) यात्रा शुरू करने वाली निम्नलिखित प्रमुख गाड़ियां रद्द रहेंगी:

इसके अतिरिक्त, सीएसएमटी-कोल्हापुर एक्सप्रेस (11029) को सीएसएमटी और खड़की के बीच आंशिक रूप से रद्द किया गया है. यह ट्रेन अपने निर्धारित समय पर खड़की स्टेशन से आगे के लिए चलेगी.

वंदे भारत समेत कई ट्रेनों के बदले रूट और शॉर्ट-टर्मिनेशन

घाट सेक्शन में पटरियों के ब्लॉक होने के कारण चेन्नई-सीएसएमटी एक्सप्रेस (22160), नांदेड़-पनवेल एक्सप्रेस (17614) और कोयंबटूर-एलटीटी एक्सप्रेस (11014) जैसी 5 लंबी दूरी की ट्रेनों को दौंड-मनमाड-इगतपुरी-कल्याण के रास्ते डायवर्ट किया गया है.

यात्रियों की सुविधा और सुरक्षा को देखते हुए सोलापुर-सीएसएमटी वंदे भारत एक्सप्रेस (22226), हैदराबाद-सीएसएमटी एक्सप्रेस (22731) और हुबली-दादर एक्सप्रेस (17317) को पुणे स्टेशन पर ही शॉर्ट-टर्मिनेट कर दिया गया है. यानी ये ट्रेनें मुंबई नहीं आएंगी और पुणे में ही अपनी यात्रा समाप्त करेंगी. इसी तरह वापसी में सीएसएमटी-सोलापुर वंदे भारत (22225) और सीएसएमटी-सिकंदराबाद एक्सप्रेस (12701) मुंबई के बजाय पुणे स्टेशन से ही अपनी यात्रा शुरू (Short Originate) करेंगी.

ट्रैक बहाली का काम युद्ध स्तर पर जारी

मध्य रेलवे के जनसंपर्क विभाग के अनुसार, भोर घाट (खंडाला घाट) सेक्शन में लगातार हो रही भारी बारिश के कारण राहत कार्य में बाधा आ रही है. हालांकि, रेलवे ने ट्रैक को साफ करने के लिए भारी मशीनरी और 200 से अधिक अतिरिक्त मजदूरों को तैनात किया है.

यात्रियों को सलाह दी गई है कि वे घर से निकलने से पहले रेलवे के आधिकारिक ऐप, हेल्पलाइन नंबरों या स्टेशन काउंटरों से अपनी ट्रेनों की लाइव स्थिति की जांच अवश्य कर लें. सुरक्षा जांच पूरी होने और पटरियों को सुरक्षित घोषित किए जाने के बाद ही इस मार्ग पर ट्रेनों का सामान्य परिचालन फिर से शुरू किया जाएगा.

Share Now