देश

Independence Day 2021: अगले 25 साल भारत के सृजन का अमृतकाल, इस तरह विकास की बुलंदियों को छुएगा देश

लालकिले की प्राचीर से अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के 75वें स्वतंत्रता दिवस पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं. आज आजादी के अमृत महोत्सव के इस पर्व पर देश अपने सभी स्वतंत्रता सेनानियों को याद कर रहा है.

Independence Day 2021: अगले 25 साल भारत के सृजन का अमृतकाल, इस तरह विकास की बुलंदियों को छुएगा देश
पीएम नरेंद्र मोदी (Photo: ANI)

नई दिल्ली: देश आजादी का जश्न मना रहा है. स्वतंत्रता दिवस के मौके पर रविवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी (PM Narendra Modi) ने लालकिले पर तिरंगा फहराया और देश को संबोधित किया.  लालकिले की प्राचीर से अपने संबोधन में पीएम मोदी ने कहा कि आजादी के 75वें स्वतंत्रता दिवस पर सभी देशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं. आज आजादी के अमृत महोत्सव के इस पर्व पर देश अपने सभी स्वतंत्रता सेनानियों को याद कर रहा है. Independence Day 2021: पीएम मोदी ने कहा- सरकार 2024 तक गरीबों को पोषणयुक्त चावल मुहैया कराना सुनिश्चित करेगी.

तिरंगा फहराने के बाद लाल किले की प्राचीर से अपने संबोधन में प्रधानमंत्री ने कहा कि भारत का यह संकल्प सुरक्षित और समृद्ध विश्व की खातिर प्रभावी योगदान के लिए है. उन्होंने कहा कि हर देश की विकास यात्रा में एक समय ऐसा आता है, जब वह देश खुद को नए सिरे से परिभाषित करता है और खुद को नए संकल्पों के साथ आगे बढ़ाता है.

भारत के सृजन का अमृतकाल

पीएम मोदी ने कहा कि देश आज से अपनी आजादी के 75वें साल में प्रवेश कर रहा है और यहां से आजादी के 100 वर्षों तक का सफर ‘‘भारत के सृजन का अमृतकाल’’ है. उन्होंने कहा कि ‘‘सबका साथ-सबका विकास-सबका विश्वास और सबके प्रयास’’ से इस लक्ष्य को हासिल करना है.

पीएम ने कहा, ‘‘भारत की विकास यात्रा में भी आज वो समय आ गया है. यहां से शुरू होकर अगले 25 वर्ष की यात्रा नए भारत के सृजन का अमृतकाल है. इस अमृतकाल में हमारे संकल्पों की सिद्धि, हमें आजादी के 100 वर्ष तक ले जाएगी.’’

देश का होगा विकास 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, देश ने संकल्प लिया है कि आजादी के अमृत महोत्सव के 75 सप्ताह में 75 वंदेभारत ट्रेनें देश के हर कोने को आपस में जोड़ रही होंगी. आज जिस गति से देश में नए हवाईअड्डों का निर्माण हो रहा है, उड़ान योजना दूर-दराज के इलाकों को जोड़ रही है, वो भी अभूतपूर्व है.

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा, भारत को आधुनिक इंफ्रास्ट्रक्चर के साथ ही इंफ्रास्ट्रक्चर निर्माण में होलिस्टिक अप्रोच अपनाने की भी जरूरत है. भारत आने वाले कुछ ही समय में प्रधानमंत्री गतिशक्ति- नेशनल मास्टर प्लान को लॉन्च करने जा रहा है.

लाल किले पर केंद्रीय मंत्रिपरिषद के सभी सदस्य, विभिन्न दलों के नेता और विदेशी राजनयिकों सहित केंद्र के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे. तोक्यो ओलंपिक में हिस्सा लेने वाले भारतीय दल के प्रतिनिधियों की उपस्थित आकर्षण का केंद्र थी. प्रधानमंत्री ने उन्हें विशेष तौर पर आमंत्रित किया है.

प्रधानमंत्री आज सबसे पहले राजघाट गए और वहां राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को नमन किया. यहां से प्रधानमंत्री सीधे लाल किले पहुंचे जहां रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह और तीनों सेनाओं के प्रमुखों ने उनका वहां स्वागत किया.

देश के नायकों को किया याद 

प्रधानमंत्री ने तिरंगा फहराया और इसके बाद हेलीकॉप्टर से आयोजन स्थल पर पुष्प वर्षा की गई.

प्रधानमंत्री ने अपने संबोधन के दौरान सबसे पहले देश की आजादी में योगदान देने वाले महापुरुषों को याद किया और उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की.

उन्होंने कहा, ‘‘आज देश उन्हें याद कर रहा है. देश इन सभी महापुरुषों का ऋणी है.’’ कोरोना महामारी में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि देते हुए उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने इस महामारी में अपनी जान गंवाई वह भी वंदन के अधिकारी हैं.

टोक्यो ओलंपिक में भारत के शानदार प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्होंने अपने मंच से तालियां बजाई और कहा कि यह भारत के खेलों और युवा पीढ़ी का सम्मान है. प्रधानमंत्री ने कहा, ‘‘उन्होंने हमारा दिल ही नहीं जीता है, उन्होंने आने वाली पीढ़ियों को भी, भारत की युवा पीढ़ी को प्रेरित करने का बहुत बड़ा काम किया है.’’

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 15, 2021 08:16 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).