Independence Day 2021: 15 अगस्त को दिल्ली-NCR में ये रूट्स रहेंगे बंद, घर से निकलने से पहले पढ़ लें ट्रैफिक एडवाइजरी
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वतंत्रता दिवस पर लाल किला से देश को संबोधित करेंगे. ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस के दिन लाल किला के आसपास आम लोगों के लिए यातायात सुबह चार बजे से सुबह दस बजे तक बंद रहेगा और यह केवल अधिकृत वाहनों के लिए खुला रहेगा.
नई दिल्ली: स्वतंत्रता दिवस (Independence Day 2021) से पहले दिल्ली पुलिस(Delhi Police) ने राजधानी में 15 अगस्त के समरोह को ध्यान में रखते हुए यातायात परामर्श जारी किया ताकि राष्ट्रीय राजधानी में सुचारू रूप से वाहनों की आवाजाही जारी रहे. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वतंत्रता दिवस पर लाल किला से देश को संबोधित करेंगे. ट्रैफिक एडवाइजरी के मुताबिक, स्वतंत्रता दिवस के दिन लाल किला के आसपास आम लोगों के लिए यातायात सुबह चार बजे से सुबह दस बजे तक बंद रहेगा और यह केवल अधिकृत वाहनों के लिए खुला रहेगा. Independence Day 2021: इस वर्ष हम भारतीय स्वतंत्रता दिवस की 74वीं वर्षगांठ मनाने जा रहे हैं या 75वीं?
ये मार्ग रहेंगे बंद
नेताजी सुभाष मार्ग, लोथियान रोड, एस पी मुखर्जी मार्ग, चांदनी चौक रोड, निषाद राज मार्ग, एस्प्लानेड रोड और नेताजी सुभाष मार्ग तक जाने वाला इसका लिंक रोड, राजघाट से आईएसबीटी तक रिंग रोड, आईएसबीटी से आईपी फ्लाईओवर तक बाहरी रिंग रोड 15 अगस्त की सुबह चार बजे से सुबह दस बजे तक आम लोगों के लिए बंद रहेगा.
इन रास्तों को लेने से बचें
दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने बिना पार्किंग लेबल वाले वाहनों को सलाह दी है कि इंडिया गेट के सी-हेक्सागन, कॉपरनिकस मार्ग, मंडी हाउस, सिकंदरा रोड, तिलक मार्ग, मथुरा रोड, बहादुर शाह जफर मार्ग, सुभाष मार्ग, जवाहरलाल नेहरू मार्ग, निजामुद्दीन और आईएसबीटी पुल के बीच रिंग रोड, आईपी फ्लाईओवर बायपास से आईएसबीटी तक बाहरी रिंग रोड की तरफ जाने से बचें.
उत्तर-दक्षिण की तरफ जानें वालों के लिए सलाह
उत्तर-दक्षिण की तरफ जाने वाले वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि अरबिंदो मार्ग-सफदरजंग रोड, कनॉट प्लेस- मिंटो रोड और यमुना पुश्ता रोड-जीटी रोड पार करने के लिए निजामुद्दीन पुल से वैकल्पिक मार्ग का चुनाव करें.
पूर्वी-पश्चिमी कॉरिडोर के लिए सलाह
पूर्वी-पश्चिमी कॉरिडोर के लिए वाहन चालकों को सलाह दी गई है कि डीएनडी-एनएच24-विकास मार्ग, विकास मार्ग-डीडीयू मार्ग और बोलवार्ड रोड-बरफ खाना से वैकल्पिक मार्ग अपनाएं.
ट्रैफिक एडवाइजरी में कहा गया है कि गीता कॉलोनी पुल से शांतिवन के लिए रोड बंद रहेगा और वाहनों को आईएसबीटी कश्मीरी गेट से शांतिवन की तरफ लोअर रिंग रोड तथा आईपी फ्लाईओवर से राजघाट की तरफ से जाने की अनुमति नहीं होगी.
मालवाहक वाहनों की आवाजाही रहेगी रोक
माल ढोने वाले वाहनों को 14 अगस्त की रात 12 बजे से 15 अगस्त की सुबह 11 बजे तक निजामुद्दीन पुल और वजीराबाद पुल के बीच आवागमन की अनुमति नहीं होगी.
ये बस स्टैंड भी रहेंगे बंद
ट्रैफिक पुलिस के अनुसार महाराणा प्रताप आईएसबीटी और सराय काले खां आईएसबीटी पर अंतरराज्यीय बसों का संचालन 14 अगस्त की रात 12 बजे से 15 अगस्त की सुबह 11 बजे तक बंद रहेगा.
पुलिस ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस समारोह स्थल के नजदीक रेलवे स्टेशनों, बस टर्मिनल और अस्पतालों के लिए वैकल्पिक मार्ग खुले रहेंगे.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 13, 2021 07:27 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

