Hyderabad Shocking Video: हैदराबाद में तेज रफ्तार DCM का कहर, स्कूटी सवार महिला को रौंदने के बाद 1 KM तक घसीटा, मौके पर मौत
हैदराबाद के हाई-टेक सिटी इलाके में शनिवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां एक तेज रफ्तार DCM वाहन ने स्कूटी सवार दंपत्ति को टक्कर मार दी और युवती को करीब एक किलोमीटर तक घसीटा, जिससे उसकी मौत हो गई.
Hyderabad Shocking Video: तेलंगाना की राजधानी हैदराबाद के प्रमुख आईटी हब, माधोपुर (माइंडस्पेस क्षेत्र) से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है. शनिवार देर रात एक तेज रफ्तार मालवाहक वाहन (DCM) ने स्कूटी सवार एक दंपत्ति को जोरदार टक्कर मार दी. टक्कर इतनी भीषण थी कि स्कूटी चला रहा युवक सड़क की दूसरी ओर गिर गया, जबकि पीछे बैठी 22 वर्षीय युवती वाहन के नीचे फंस गई. ड्राइवर ने वाहन रोकने के बजाय रफ्तार बढ़ा दी और युवती को लगभग एक किलोमीटर तक घसीटता हुआ ले गया.
फिल्म देखकर लौट रहा था दंपत्ति
मृतका की पहचान 22 वर्षीय हानिया आयशा के रूप में हुई है, जो मूल रूप से केरल की रहने वाली थी. हादसे में उसके पति अब्दुल बासित (26) भी गंभीर रूप से घायल हुए हैं. जानकारी के अनुसार, दोनों हैदराबाद के एक ज्वेलरी स्टोर (मालाबार गोल्ड) में काम करते थे. शनिवार रात वे कुकटपल्ली में फिल्म देखने के बाद महेश्वरम स्थित अपने घर लौट रहे थे, तभी माइंडस्पेस के पास यह हादसा हुआ. यह भी पढ़े: Raigad Road Accident Video: रायगढ़ में तेज रफ्तार कार का कहर, बाइक सवार को टक्कर मारने के बाद 2 KM तक घसीटा, मौके पर मौत
हैदराबाद में तेज रफ्तार DCM का कहर
राहगीरों ने पीछा कर पकड़ा, क्लीनर की पिटाई
सड़क पर मौजूद प्रत्यक्षदर्शियों ने जब देखा कि एक गाड़ी स्कूटी और युवती को घसीटती हुई ले जा रही है, तो उन्होंने शोर मचाया और वाहन का पीछा करना शुरू किया. करीब एक किलोमीटर बाद लोगों ने DCM को घेरकर रुकवा लिया. इस बीच मौका पाकर ड्राइवर फरार हो गया, लेकिन स्थानीय लोगों ने गाड़ी के क्लीनर को पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई करने के बाद पुलिस के हवाले कर दिया.
अस्पताल पहुंचने से पहले ही तोड़ा दम
हादसे के तुरंत बाद राहगीरों ने आयशा और बासित को नजदीकी एआईजी (AIG) अस्पताल पहुँचाया. हालांकि, डॉक्टरों ने आयशा को 'ब्रॉट डेड' (अस्पताल पहुँचने से पहले मृत) घोषित कर दिया. बासित की हालत अभी भी गंभीर बनी हुई है और उनका निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है. पुलिस ने बताया कि आयशा का शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और परिजनों को सूचित कर दिया गया है.
पुलिस की कार्रवाई और जांच तेज
माधोपुर पुलिस ने इस मामले में लापरवाही से गाड़ी चलाने और हत्या की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर लिया है. पुलिस के अनुसार, दुर्घटना करने वाला वाहन कर्नाटक का पंजीकृत है. फरार ड्राइवर की तलाश के लिए सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और आसपास के इलाकों में नाकाबंदी कर दी गई है. इस घटना ने एक बार फिर रात के समय हाई-टेक सिटी की सड़कों पर भारी वाहनों की बेलगाम रफ्तार पर सवालिया निशान लगा दिए हैं.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 05, 2026 04:40 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

