Yadgir Road Accident: कर्नाटक के यादगीर में भीषण सड़क हादसा, बस और कार की टक्कर के बाद लगी आग; 6 लोग जिंदा जले (Watch Video)

कर्नाटक के यादगीर जिले में शुक्रवार को एक निजी बस और कार के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई. टक्कर के बाद दोनों वाहनों में भीषण आग लग गई, जिसमें कार सवार छह लोगों की जलकर मौत हो गई.

कर्नाटक के यादगीर में भीषण सड़क हादसा (Photo Credits: IANS)

Yadgir Road Accident: कर्नाटक (Karnataka) के यादगीर जिले (Yadgir District) में शुक्रवार को एक दिल दहला देने वाली सड़क दुर्घटना सामने आई है. सुरपुर तालुक (Surpur Taluk) के देवापुर (Devapur) के पास एक कार और निजी बस के बीच आमने-सामने की भीषण टक्कर हो गई.  टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि दोनों वाहनों में तुरंत आग लग गई. इस हादसे में कार में सवार छह यात्रियों की जिंदा जलने से मौके पर ही मौत हो गई. स्थानीय लोगों की तत्परता से दो अन्य लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जिनकी स्थिति गंभीर बनी हुई है. यह भी पढ़ें: Kurnool Road Accident: आंध्र प्रदेश के कुरनूल में दर्दनाक सड़क हादसा, कर्नाटक के 8 तीर्थयात्रियों की मौत; 12 घायल

टक्कर के बाद धू-धू कर जले वाहन

पुलिस के अनुसार, यह घटना सुरपुर थाना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले देवापुर के पास हुई. प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, कार यादगीर से रायचूर की ओर जा रही थी, तभी बेंगलुरु से कलबुर्गी की ओर आ रही एक निजी बस से उसकी जोरदार भिड़ंत हो गई.

टक्कर के बाद लगी आग ने कुछ ही पलों में विकराल रूप धारण कर लिया और कार पूरी तरह जलकर खाक हो गई. कार के भीतर फंसे छह लोगों को बाहर निकलने का मौका भी नहीं मिला। बस का भी काफी हिस्सा आग की चपेट में आकर जल गया है.

कर्नाटक के यादगीर में भीषण सड़क हादसा

बचाव कार्य और पुलिस जांच

घटना की सूचना मिलते ही दमकल विभाग और आपातकालीन सेवाओं के कर्मी मौके पर पहुंचे और कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया. सुरपुर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई है और मामले की जांच शुरू कर दी गई है.

घायलों को नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जिनमें से एक की हालत नाजुक बताई जा रही है. अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल मृतकों की पहचान की जा रही है और हादसे के सटीक कारणों का पता लगाया जाना बाकी है. यह भी पढ़ें: Kalyan-Ahilyanagar Highway Accident Video: महाराष्ट्र के कल्याण-अहिल्यानगर नेशनल हाईवे पर भीषण हादसा, 5 से अधिक यात्रियों की मौत; हादसे का भयावह वीडियो आया सामने

कर्नाटक में बस हादसों का सिलसिला

कर्नाटक में इस तरह का यह पहला हादसा नहीं है. इससे पहले 25 दिसंबर 2025 को भी चित्रदुर्ग जिले के हिरियूर के पास एक निजी स्लीपर बस और ट्रक की टक्कर हुई थी. उस हादसे में भी बस में आग लगने से 6 यात्रियों की मौत हो गई थी और 28 लोग घायल हुए थे. शुक्रवार को हुई इस ताजा घटना ने एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर सुरक्षा और वाहनों में आग लगने की घटनाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं.

Share Now