Greater Noida: ग्रेटर नोएडा डीएम ऑफिस के सामने युवक ने किया आत्मदाह का प्रयास, पुलिस ने बचाया
ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट ऑफिस में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब ऑफिस के ठीक सामने एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया.
ग्रेटर नोएडा, 25 जून : ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर स्थित कलेक्ट्रेट ऑफिस में मंगलवार सुबह उस समय हड़कंप मच गया जब ऑफिस के ठीक सामने एक युवक ने खुद पर पेट्रोल डालकर आत्मदाह का प्रयास किया. मौके पर मौजूद पुलिसकर्मियों ने युवक को पकड़ कर थाने पहुंचा दिया.
जानकारी मिली है कि युवक कई दिनों से डीएम कार्यालय के चक्कर काट रहा था. वह अपनी समस्या के समाधान के लिए डीएम से मिलने के लिए कई बार कलेक्ट्रेट आ चुका था. यह भी पढ़ें : MP Cabinet Meeting: अपना इनकम टैक्स खुद भरेंगे मंत्री, एग्रीकल्चर छात्रों को मिलेगी नौकरी; एमपी सरकार ने कैबिनेट बैठक में लिए कई बड़े फैसले- VIDEO
पुलिस के मुताबिक दादरी इलाके में रहने वाला सचिन मंगलवार सुबह ग्रेटर नोएडा के सूरजपुर थाना स्थित कलेक्ट्रेट में पहुंच गया. उसने डीएम कार्यालय के गेट पर पहुंचकर अपने पास रखी पेट्रोल की एक बोतल निकाल ली. वह अपने ऊपर पेट्रोल डालने लगा, इसी बीच पुलिसकर्मियों ने उसे पकड़ लिया. इसके बाद पुलिस उसे लेकर थाने आ गई.
बताया जा रहा है कि सचिन कई दिनों से परेशान होकर कलेक्ट्रेट पहुंच रहा था और अपनी समस्या का समाधान चाहता था. कई बार चक्कर लगाने की वजह से वह मानसिक रूप से तनाव में था, जिसके चलते उसने ऐसा कदम उठाया.
कलेक्ट्रेट में मौजूद अधिकारियों के मुताबिक जल्द ही युवक की समस्याओं का समाधान किया जाएगा. पहले उसकी काउंसलिंग की जाएगी और उसके बाद उसकी समस्या का समाधान होगा. युवक को थाने में समझा कर शांत किया गया. परिजनों को बुलाकर सचिन को उनके हवाले किया जाएगा.
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 25, 2024 02:37 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

