Gautam Adani Visits Zubeen Garg's Home: जुबीन गर्ग के परिवार से मिले गौतम अदाणी,' सच्चे लीजेंड' को दी श्रद्धांजलि
अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी ने रविवार को दिवंगत गायक जुबीन गर्ग के परिवार से मुलाकात की. गुवाहाटी में हुई इस मुलाकात के बारे में उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी. इस पोस्ट में उन्होंने जुबीन गर्ग को एक लीजेंड बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है. साथ ही लिखा कि उनका संगीत पीढ़ियों तक याद किया जाएगा.
मुंबई, 29 सितंबर : अदाणी ग्रुप के चेयरमैन गौतम अदाणी (Gautam Adani) ने रविवार को दिवंगत गायक जुबीन गर्ग के परिवार से मुलाकात की. गुवाहाटी में हुई इस मुलाकात के बारे में उन्होंने एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जानकारी दी. इस पोस्ट में उन्होंने जुबीन गर्ग को एक लीजेंड बताते हुए उन्हें श्रद्धांजलि दी है. साथ ही लिखा कि उनका संगीत पीढ़ियों तक याद किया जाएगा. गौतम अदाणी ने जुबीन गर्ग की एक तस्वीर इंस्टाग्राम अकाउंट पर साझा करते हुए लिखा, “कल गुवाहाटी में, मैंने जुबीन गर्ग के परिवार से मुलाकात की. जुबीन एक सच्चे लीजेंड थे, जिनका संगीत पूर्वोत्तर की आत्मा में बसा है और जिनका लोगों के लिए प्यार हमेशा पीढ़ियों तक गूंजेगा. ईश्वर उनके संगीत और यादों को लाखों दिलों में जिंदा रखे और उनकी आत्मा को शांति दे.”
गौतम अदाणी से जुड़े एक सूत्र ने बताया कि उद्योगपति ने दिवंगत गायक जुबीन गर्ग के काहिलीपाड़ा स्थित आवास पर उनकी पत्नी गरिमा सैकिया गर्ग से मुलाकात की. इस दौरान उन्होंने जुबीन की तस्वीर पर पुष्पांजलि भी अर्पित की. गायक जुबीन गर्ग का निधन 19 सितंबर, 2025 को सिंगापुर में स्कूबा डाइविंग के दौरान एक दुर्घटना में हुआ था. इसके बाद उनके पार्थिव शरीर को असम लाया गया, जहां पर उनका राजकीय सम्मान के साथ अंतिम संस्कार किया गया. उनकी मृत्यु का कारण दम घुटना बताया जा रहा है. हालांकि, सीबीआई और असम की सीआईडी जुबीन गर्ग की मृत्यु की जांच कर रही हैं. यह भी पढ़ें : राहुल गांधी के खिलाफ टिप्पणी को लेकर भड़के कांग्रेस प्रवक्ता पवन खेड़ा, कार्रवाई की मांग
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी रविवार को 'मन की बात' रेडियो कार्यक्रम में जुबीन गर्ग को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी थी. पीएम मोदी ने इस दौरान कहा कि जुबीन गर्ग का असम की संस्कृति से बहुत गहरा लगाव था. वह हमेशा हमारी यादों में बने रहेंगे. रविवार को गायिका शिल्पा राव ने भी अरुणाचल प्रदेश के जीरो फेस्टिवल में सिंगर जुबीन गर्ग को श्रद्धांजलि दी थी. उन्होंने स्टेज पर फिल्म 'गैंगस्टर' का गाना 'या अली' गाया. इस गाने को जुबीन गर्ग ने गाया था. शिल्पा राव ने गीत को धीरे-धीरे गाते हुए फैंस को भी इसे गाने का मौका दिया. यह क्षण दिवंगत गायक के लिए एक सच्ची श्रद्धांजलि थी. इसने दर्शकों के दिलों को छू लिया.
(The above story first appeared on LatestLY on Sep 29, 2025 03:19 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

