Ganeshotsav 2026: गणेशोत्सव के मौके पर कोंकण जाने वाली स्पेशल ट्रेनों में 1.13 लाख से अधिक बुकिंग, रेलवे को ₹7.77 करोड़ का राजस्व

आगामी गणेशोत्सव के लिए मुंबई और उपनगरों से कोंकण जाने वाली स्पेशल ट्रेनों में अब तक 1.13 लाख से अधिक यात्रियों ने टिकट बुक कराए हैं. इससे रेलवे को 7.77 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है.

Ganeshotsav 2026:  महाराष्ट्र के सबसे बड़े त्योहार गणेशोत्सव के दौरान कोंकण जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए रेलवे द्वारा चलाई जा रही विशेष ट्रेनों को जबर्दस्त प्रतिक्रिया मिली है. मुंबई और उपनगरीय इलाकों से कोंकण क्षेत्र के लिए बुक की गई विशेष ट्रेनों में अब तक 1,13,428 यात्री अपना टिकट आरक्षित करा चुके हैं. इस भारी बुकिंग से भारतीय रेलवे को अब तक 7.77 करोड़ रुपये का राजस्व प्राप्त हुआ है. बुकिंग शुरू होते ही अधिकांश आरक्षित ट्रेनें कुछ ही मिनटों में फुल हो गईं, जिसके चलते बड़ी संख्या में यात्री वेटिंग लिस्ट पर निर्भर हैं.

सेंट्रल और वेस्टर्न रेलवे का सर्विस प्लान

त्योहार के दौरान मुंबई से कोंकण जाने वाले रेल यात्रियों की अतिरिक्त भीड़ को संभालने के लिए मध्य रेलवे और पश्चिम रेलवे ने व्यापक व्यवस्था की है.  यह भी पढ़े:  Ganeshotsav 2026: मुंबई के गणपति मंडलों के लिए BEST ने जारी किए नियम, जानें Temporary बिजली कनेक्शन लेने की प्रक्रिया और शुल्क

अतिरिक्त डिब्बे और अनारक्षित ट्रेनें बनेंगी सहारा

ट्रेनों में टिकटों की भारी मांग को देखते हुए रेलवे प्रशासन ने आवश्यकतानुसार अतिरिक्त डिब्बे (Coaches) जोड़ने की योजना बनाई है. अधिकारियों के अनुसार अतिरिक्त कोच लगाने से वेटिंग लिस्ट वाले यात्रियों के टिकट कंफर्म होने की संभावना बढ़ जाएगी.

जिन यात्रियों को आरक्षित श्रेणियों में कंफर्म टिकट नहीं मिल पाता है, उनके लिए अनारक्षित विशेष ट्रेनें एक प्रमुख विकल्प होंगी. मध्य रेलवे के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि विशेष रूप से उन यात्रियों की सुविधा के लिए अनारक्षित विशेष गाड़ियां चलाई जा रही हैं जो अंतिम समय तक कंफर्म आरक्षण प्राप्त नहीं कर पाते हैं.

स्टेशनों पर सुरक्षा और भीड़ प्रबंधन के कड़े इंतजाम

गणेशोत्सव के दौरान मुंबई के प्रमुख टर्मिनस और कोंकण रूट के स्टेशनों पर भारी भीड़ की संभावना को देखते हुए रेलवे ने सुरक्षा, स्वच्छता और टिकट चेकिंग के पुख्ता इंतजाम किए हैं.

भीड़ को नियंत्रित करने और यात्रियों की सुगम आवाजाही सुनिश्चित करने के लिए रेलवे सुरक्षा बल (RPF) और अतिरिक्त रेल कर्मचारियों की तैनाती की जा रही है. इसके अलावा, यात्रियों की सुविधा के लिए चुनिंदा स्थानों पर अस्थायी आरक्षण काउंटर भी खोले गए हैं.

Share Now