देश

फर्जी सर्टिफिकेट केस: सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान, उनके बेटे और पत्नी पर FIR दर्ज

समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान के बेटे विधायक अब्दुला आजम पर दो जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के आरोप में गंज थाना की पुलिस ने मंत्री आजम खान, उनकी पत्नी राज्यसभा सदस्य डॉ. तजीन फातिमा और अब्दुल्ला आजम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है.

फर्जी सर्टिफिकेट केस: सपा के वरिष्ठ नेता आजम खान, उनके बेटे और पत्नी पर FIR दर्ज
सपा नेता आजम खान (Credits: PTI)

लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) के वरिष्ठ नेता व पूर्व कैबिनेट मंत्री आजम खान (Azam Khan) के बेटे विधायक अब्दुला आजम पर दो जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के आरोप में गंज थाना की पुलिस ने मंत्री आजम खान, उनकी पत्नी राज्यसभा सदस्य डॉ. तजीन फातिमा और अब्दुल्ला आजम के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कर ली है. पुलिस ने यह मामला बीजेपी लघु उद्योग प्रकोष्ठ के क्षेत्रीय संयोजक आकाश सक्सेना की तहरीर पर दर्ज किया है. वहीं विधायक अब्दुल्ला का कहना है कि इन सभी ज्यादतियों का बदला जनता अगले लोकसभा चुनाव में लेगी.

आकाश सक्सेना ने 17 दिसंबर को लखनऊ में प्रमुख सचिव गृह को ज्ञापन सौंपकर आरोप लगाया था कि विधायक अब्दुल्ला आजम के जन्म के दो-दो प्रमाणपत्र बने हुए हैं.

आकाश के आरोप हैं कि विधायक अब्दुल्ला आजम का एक जन्म प्रमाणपत्र 28 जून, 2012 को रामपुर नगरपालिका परिषद से जारी किया गया है. ये प्रमाणपत्र आजम खान और डॉ. तजीन फातिमा के शपथपत्र के आधार पर जारी किया गया है, जिसमें अब्दुल्ला का जन्म स्थान रामपुर दिखाया गया है. जबकि दूसरा प्रमाणपत्र 21 जनवरी, 2015 को लखनऊ नगर निगम से बना है, जो क्वीन मेरी अस्पताल के डुप्लीकेट जन्म प्रमाणपत्र के आधार पर जारी किया गया है. इसमें अब्दुल्ला का जन्म स्थान लखनऊ दिखाया गया है.

आकाश सक्सेना का आरोप है कि रामपुर नगरपालिका से जारी जन्म प्रमाणपत्र का पासपोर्ट में गलत इस्तेमाल कर विदेश यात्राएं की गईं जबकि लखनऊ नगर निगम से जारी जन्म प्रमाणपत्र का सरकारी दस्तावेजों और जौहर यूनिवर्सिटी की विभिन्न मान्यताओं में उपयोग में किया गया है.

प्रमुख सचिव गृह ने इस मामले की जांच का आदेश एसपी रामपुर को दिया था. एसपी की जांच पूरी होने के बाद गंज थाने पूर्व मंत्री आजम खान, राज्यसभा सदस्य डॉ. तजीन फातिमा और विधायक अब्दुल्ला आजम के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jan 03, 2019 10:25 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).