देश

दुशान्बे: SCO मीट से पहले एस. जयशंकर की अफगान FM मोहम्मद हनीफ अतमर से मुलाकात!

दुशान्बे: SCO मीट से पहले एस. जयशंकर की अफगान FM मोहम्मद हनीफ अतमर से मुलाकात!

भारतीय विदेश मंत्री एस. जयशंकर ने आज अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मोहम्मद हनीफ अतमर से ताजिकिस्तान की राजधानी दुशान्बे में मुलाकात की. इस दौरान अफगानिस्तान में हालिया घटनाक्रम पर चर्चा की. बता दें कि विदेश मंत्री जयशंकर शंघाई सहयोग संगठन (एससीओ) के विदेश मंत्रियों की परिषद् और अफगानिस्तान पर एससीओ संपर्क समूह की बैठकों में भाग लेने के लिए मंगलवार को दो दिवसीय दौरे पर दुशान्बे पहुंचे हैं.

मामले की जानकारी देते हुए जयशंकर ने ट्वीट करते हुए बताया कि, ''मेरे दुशान्बे दौरे की शुरुआत अफगानिस्तान के विदेश मंत्री मोहम्मद हनीफ अतमर से मुलाकात के साथ हुई. हालिया घटनाक्रम को लेकर उनकी अद्यतन जानकारी को सराहा. अफगानिस्तान पर एससीओ संपर्क समूह की कल होने वाली बैठक को लेकर उत्साहित हूं.''

जानकारों के मुताबिक, यह बैठक इसलिए भी महत्वपूर्ण समझी जा रही है क्योंकि यह ऐसे समय में हो रही है, जब तालिबानी लड़ाके अफगानिस्तान के अधिकतर इलाकों को तेजी से अपने नियंत्रण में ले रहे हैं. अफगानिस्तान में बेकाबू हुए तालिबानी आतंकियों ने विश्व भर में चिंता बढ़ा दी है.

इससे पहले भारत, अफगान बलों और तालिबान लड़ाकों के बीच जारी भीषण लड़ाई के मद्देनजर कंधार स्थित अपने वाणिज्य दूतावास से करीब 50 राजनयिकों और सुरक्षा कर्मियों को एक सैन्य विमान के जरिए रेस्क्यू कर चुका है.

गौरतलब है कि अमेरिकी सैनिकों की वापसी के बाद अफगानिस्तान में तालिबानियों का आतंक चरम पर पहुंच चुका है. तालिबानी आतंकियों का दावा है कि वो देश के 85 फीसदी हिस्से पर कब्जा कर चुका है. वहीं उसने कई इलाकों में तालिबानी कानून लागू करना भी शुरू कर दिया है जिसमें महिलाओं को घर से अकेले न निलकने नियम शामिल हैं. वहीं तालिबानी अफगानिस्तान-ईरान सीमा से सटे प्रमुख व्यपारिक क्षेत्र इस्लाम-काला पर भी कब्जे की घोषणा कर चुका है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 13, 2021 10:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).