RBI के स्पष्टीकरण के बावजूद देश के इस राज्य में कोई नहीं ले रहा 10 रुपये का सिक्का
यदि आप मणिपुर (Manipur) में किसी बस से यात्रा करना चाहते हैं या किसी किराने की दुकान में जाते हैं और आपके बटुए में 10 रुपए का सिक्का है, तो हो सकता है कि आपको बाहर का रास्ता दिखा दिया जाए...
इम्फाल: यदि आप मणिपुर (Manipur) में किसी बस से यात्रा करना चाहते हैं या किसी किराने की दुकान में जाते हैं और आपके बटुए में 10 रुपए का सिक्का है, तो हो सकता है कि आपको बाहर का रास्ता दिखा दिया जाए. भारतीय रिजर्व बैंक (RBI) की ओर से नियमित स्पष्टीकरण के बावजूद मणिपुर के लोग, खासकर छोटे कारोबारी 10 रुपए के सिक्के नहीं लेना चाहते.
हालांकि कुछ लोग जानते हैं कि 10 रुपए का सिक्का चलन में है, लेकिन स्थानीय विक्रेताओं और दुकानदारों में अब भी इसकी वैधता को लेकर संदेह बना हुआ है. सरकारी स्कूल में अध्यापक मांग्लेम्बी ने कहा कि अधिकतर किराना स्टोर 10 रुपए के सिक्के नहीं लेते. उनका कहना है कि निजी बैंक इसे स्वीकार नहीं करते.
यहां एक स्थानीय बाजार में सब्जी विक्रेता पी पिशाक ने कहा कि उन्हें सटीक कारण नहीं पता लेकिन उनके साथियों ने उन्हें 10 रुपए के सिक्के स्वीकार नहीं करने को कहा है. आरबीआई की इम्फाल शाखा की महाप्रबंधक ने इस गलतफहमी को दूर करते हुए ‘पीटीआई भाषा’ से कहा, ‘‘14 डिजाइन में आने वाला 10 रुपए का सिक्का नकली नहीं है और इसे बिना किसी हिचकिचाहट के स्वीकार किया जा सकता है.’’ उन्होंने कहा, ‘‘नोटबंदी के ढाई साल बाद भी लोग इसकी वैधता को लेकर संशय में हैं.’’
(The above story first appeared on LatestLY on May 17, 2019 11:26 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

