Weather Update: दिल्ली में छाए रहेंगे बादल, इन राज्यों में बारिश का अनुमान- जानें कब दस्तक देगा मानसून
ताज हवाओं और बारिश के कारण देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य या इससे नीचे है, और अगले पांच दिनों तक लू की स्थिति नहीं रहेगी. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कहा कि केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत दो या तीन दिनों में होने की संभावना है क्योंकि स्थितियां आगे बढ़ने के लिए अनुकूल हैं.
नई दिल्ली: तेज हवाओं और बारिश के कारण देश के अधिकांश हिस्सों में तापमान सामान्य या इससे नीचे है, और अगले पांच दिनों तक लू की स्थिति नहीं रहेगी. भारतीय मौसम विभाग (IMD) ने कहा कि केरल में दक्षिण-पश्चिम मानसून की शुरुआत दो या तीन दिनों में होने की संभावना है क्योंकि स्थितियां आगे बढ़ने के लिए अनुकूल हैं. भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) के आरके जेनामणि ने कहा कि पश्चिमी हिमालयी क्षेत्र में सक्रिय पश्चिमी विक्षोभ के कारण बारिश होने की संभावना है, जबकि दिल्ली में अगले दो दिनों तक बादल छाए रहेंगे. आईएमडी ने उत्तरी गुजरात में मछुआरों को 27 से 29 मई तक समुद्र में न जाने की सलाह दी.
जेनामणि ने कहा कि केरल में मानसून की शुरुआत दो से तीन दिनों में होने की संभावना है क्योंकि स्थितियां आगे बढ़ने के लिए अनुकूल हैं. "दक्षिण-पश्चिम मानसून दक्षिण अरब सागर और लक्षद्वीप के कुछ हिस्सों में आगे बढ़ गया है. पिछले 24 घंटों में, केरल तट और दक्षिण-पूर्व अरब सागर में बादल छा गए हैं."
आईएमडी ने कहा कि उत्तर पश्चिम और मध्य भारत के अधिकांश हिस्सों में अगले तीन दिनों में अधिकतम तापमान में धीरे-धीरे दो से तीन डिग्री की वृद्धि होने की संभावना है. इस बीच मौसम विभाग ने केरल और लक्षद्वीप में गरज या बिजली गिरने के साथ व्यापक हल्की से मध्यम बारिश की भविष्यवाणी की है, और आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में अगले पांच दिनों में तेज हवाओं के प्रभाव में छिटपुट वर्षा की भविष्यवाणी की है.
जल्द आएगा मानसून
दक्षिण पश्चिम मानसून के अगले दो से तीन दिनों के दौरान केरल पहुंचने का अनुमान है. इससे पहले, भारत मौसम विज्ञान विभाग (आईएमडी) ने एक पखवाड़े पहले बंगाल की खाड़ी में आए चक्रवाती तूफान ‘आसनी’ के प्रभाव के कारण शुक्रवार (27 मई) को केरल में मानसून की शुरुआत का अनुमान जताया था.
विभाग ने कहा, ‘‘मौसम संबंधी नये संकेतों के अनुसार, दक्षिण अरब सागर के निचले स्तरों में पछुआ हवाएं चलनी तेज हो गई हैं. सैटेलाइट तस्वीरों के अनुसार केरल तट और उससे सटे दक्षिण पूर्व अरब सागर में बादल छाए हुए हैं. इसलिए, अगले दो से तीन दिनों के दौरान केरल में मानसून की शुरुआत के लिए परिस्थितियां अनुकूल होती जा रही हैं.’’
ब्रिटेन स्थित ‘यूनिवर्सिटी ऑफ रीडिंग’ में शोधकर्ता अक्षय देवरस ने ट्विटर पर कहा, ‘‘मानसून अब केरल के अक्षांश पर पहुंच गया है. हालांकि, राज्य में बारिश का होना मानसून की शुरुआत की घोषणा करने के लिए अभी उचित नहीं है.’’ विभाग ने केरल और लक्षद्वीप में हल्की / मध्यम बारिश होने का अनुमान जताया है और अगले पांच दिनों के दौरान आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक और तमिलनाडु, पुडुचेरी और कराईकल में हल्की बारिश का अनुमान जताया है.
(The above story first appeared on LatestLY on May 28, 2022 11:31 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

