देश

Pune Metro Line 3 Update: पुणे के हिंजवडी-शिवाजीनगर रूट पर जल्द दौड़ेगी मेट्रो, सीएम फडणवीस ने PM मोदी को दिया उद्घाटन का न्योता

पुणेवासियों के लिए बड़ी खबर है. हिंजवडी से शिवाजीनगर के बीच मेट्रो लाइन 3 का पहला चरण (13.3 किमी) बनकर तैयार हो गया है. परीक्षण का काम पूरा होते ही इस रूट पर मेट्रो सेवा शुरू हो जाएगी. मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर इसके उद्घाटन का निमंत्रण दिया है.

Pune Metro Line 3 Update: पुणे के हिंजवडी-शिवाजीनगर रूट पर जल्द दौड़ेगी मेट्रो, सीएम फडणवीस ने PM मोदी को दिया उद्घाटन का न्योता
(Pune Metro-3)

Pune Metro Line 3 Update: पुणे शहर की सबसे बहुप्रतीक्षित मेट्रो परियोजनाओं में से एक, हिंजवडी से शिवाजीनगर (लाइन 3) का पहला चरण बनकर पूरी तरह तैयार हो गया है. 13.3 किलोमीटर लंबे इस कॉरिडोर पर फिलहाल टेस्टिंग की प्रक्रिया चल रही है. महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने नई दिल्ली में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मुलाकात कर उन्हें इस मेट्रो रूट के आधिकारिक उद्घाटन के लिए आमंत्रित किया है. परीक्षण पूरा होते ही यह रूट आम जनता की सेवा में समर्पित कर दिया जाएगा.

ट्रैफिक जाम से मिलेगी मुक्ति, समय की होगी बचत

हिंजवडी आईटी पार्क और शहर के प्रमुख इलाकों के बीच दैनिक आवाजाही करने वाले लाखों यात्रियों को लंबे ट्रैफिक जाम, प्रदूषण और हादसों से बड़ी राहत मिलने जा रही है. वर्तमान में शिवाजीनगर से हिंजवडी तक का सफर तय करने में करीब 1.5 घंटे का समय लगता है. मेट्रो सेवा शुरू होने के बाद यह यात्रा घटकर महज 45 मिनट की रह जाएगी.  यह भी पढ़े: Pune Metro Line 3: पुणे मेट्रो लाइन 3 की कमान महिलाओं के हाथों में, 100 महिला पायलटों को दिया जा रहा प्रशिक्षण

पहले चरण में माण (Maan) से आर. के. लक्ष्मण म्यूजियम तक 13.3 किमी के दायरे में कुल 12 स्टेशन शामिल हैं. यह कॉरिडोर आगे डिस्ट्रिक्ट कोर्ट तक जाएगा, जिससे यात्री महा-मेट्रो नेटवर्क से भी सीधे जुड़ सकेंगे.

इन प्रमुख आईटी और शैक्षणिक केंद्रों को जोड़ेगा यह रूट

पुणे मेट्रो लाइन 3 का यह मार्ग शहर के प्रमुख आर्थिक और शैक्षणिक केंद्रों को आपस में जोड़ेगा. इसके शुरू होने से:

  • राजीव गांधी इन्फोटेक पार्क (हिंजवडी)

  • वाकड़

  • बानेर

  • बालेवाड़ी

  • पुणे यूनिवर्सिटी सर्कल

  • शिवाजीनगर

जैसे व्यस्त इलाकों में वाहनों के दबाव में भारी कमी आएगी.

एडवांस 'DC 750 वोल्ट थर्ड रेल' तकनीक का पहली बार इस्तेमाल

पुणे मेट्रो लाइन 3 में देश की अत्याधुनिक 'DC 750 वोल्ट थर्ड रेल इलेक्ट्रिफिकेशन सिस्टम' का उपयोग किया गया है. पुणे में इस तकनीक का इस्तेमाल पहली बार हुआ है, जो इससे पहले कोलकाता मेट्रो और बेंगलुरु की नम्मा मेट्रो में सफल रही है.

इस प्रणाली में सिर के ऊपर ओवरहेड तारों (OHE) के बजाय सीधे पटरियों के समानांतर बिछी तीसरी रेल के माध्यम से मेट्रो को बिजली की आपूर्ति की जाती है. ओवरहेड वायर न होने से बिजली कटने या तार टूटने के कारण सेवा बाधित होने का जोखिम खत्म हो जाता है, साथ ही रखरखाव का खर्च भी काफी कम होता है.

डिजिटल सिग्नलिंग से कम समय में मिलेंगी ज्यादा ट्रेनें

थर्ड रेल सिस्टम के साथ इस रूट पर 'कम्युनिकेशन-बेस्ड ट्रेन कंट्रोल' (CBTC) नामक एडवांस डिजिटल सिग्नलिंग तकनीक लागू की गई है. इससे पटरियों पर ट्रेनों की संख्या बढ़ाने में मदद मिलेगी और यात्रियों को स्टेशनों पर ज्यादा इंतजार नहीं करना पड़ेगा.

परियोजना का निर्माण कार्य पूरा हो जाने के बाद अब केवल उद्घाटन की औपचारिक तिथि का इंतजार है, जिससे पुणेवासियों का दैनिक सफर काफी सुगम और पर्यावरण-अनुकूल हो जाएगा.

(The above story first appeared on LatestLY on Aug 18, 2026 10:27 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).