फिल्म का सेट तैयार करने के दौरान कोरोना संबंधी नियमों का पालन नहीं करने पर मामला दर्ज
महाराष्ट्र के पालघर जिले में फिल्म का सेट तैयार करने के दौरान कोविड-19 निर्देशों का पालन नहीं किए जाने के संबंध में पुलिस ने फिल्म की शूटिंग से जुड़े कुछ सदस्यों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है.
पालघर (महाराष्ट्र), 3 अप्रैल : महाराष्ट्र (Maharashtra) के पालघर जिले में फिल्म का सेट तैयार करने के दौरान कोविड-19 (COVID-19) निर्देशों का पालन नहीं किए जाने के संबंध में पुलिस ने फिल्म की शूटिंग से जुड़े कुछ सदस्यों के खिलाफ एक मामला दर्ज किया है. एक पुलिस अधिकारी ने शनिवार को बताया कि मामला बृहस्पतिवार को दर्ज किया गया. अधिकारी ने बताया कि पालघर में वसई के सनसिटी ग्राउंड (Suncity Ground) में 24 मार्च को फिल्म का सेट तैयार करने का काम चल रहा था. उस वक्त वहां सैकड़ों लोग काम कर रहे थे. पुलिस की टीम जब वहां पहुंची तो एक भी कामगार मास्क लगाए हुए नहीं मिला और ना ही उचित दूरी के नियमों का पालन हो रहा था.
मीरा भयंदर-वसई विरार पुलिस आयुक्त कार्यालय के तहत माणिकपुर थाने के अधिकारी ने बताया, ‘‘फिल्म का सेट तैयार करने से जुड़ी टीम के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 (लोकसेवक के आदेश की अवज्ञा), 269 (जानलेवा बीमारी के संक्रमण को फैलाने के लिए जिम्मेदार लापरवाही भरा कृत्य) के तहत मामला दर्ज किया गया.’’ यह भी पढ़ें : Pune: कोरोना के खतरे के बीच सभी धार्मिक स्थल 9 अप्रैल तक बंद
उन्होंने बताया कि इस मामले में किसी को गिरफ्तार नहीं किया गया है. पुलिस ने इस संबंध में और जानकारी नहीं दी कि किस फिल्म के लिए सेट तैयार किया जा रहा था. महामारी शुरू होने के बाद से महाराष्ट्र में शुक्रवार को कोविड-19 के सबसे ज्यादा 47,287 मामले सामने आए.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 03, 2021 10:43 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

