देश

बीजेपी विधायक प्रणव चैंपियन की हो सकती है पार्टी से छुट्टी, तमंचे वाले डांस से केंद्रीय नेतृत्व नाराज

हाथ में गन, जांघ पर जाम लेकर डांस करने वाले बीजेपी (BJP) विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन (Kunwar Pranav Singh Champion) की मुश्किलें और बढ़ने वाली है. दरअसल चैंपियन का एक गाली देने और बंदूक लहराने वाला वीडियो वायरल हो गया है.

बीजेपी विधायक प्रणव चैंपियन की हो सकती है पार्टी से छुट्टी, तमंचे वाले डांस से केंद्रीय नेतृत्व नाराज
कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन (Photo Credits: ANI)

देहरादून: हाथ में गन, जांघ पर जाम लेकर डांस करने वाले बीजेपी (BJP) विधायक (MLA) कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन (Kunwar Pranav Singh Champion) की मुश्किलें और बढ़ने वाली है. दरअसल चैंपियन का एक गाली देने और बंदूक लहराने वाला वीडियो वायरल हो गया है. इससे बीजेपी का केंद्रीय नेतृत्व उनसे नाराज हो गया है और जल्द ही पार्टी से बाहर किया जा सकता है. फिलहाल चैंपियन को मीडिया से बदसलूकी करने के एक दूसरे मामले में तीन महीने के लिए निलंबित किया गया है.

बीजेपी उपाध्यक्ष और उत्तराखंड प्रभारी श्याम जाजू ने कहा कि प्रणव चैंपियन के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है. इस मामले पर एक रिपोर्ट बीजेपी आलाकमान को भेज दिया गया है. उन्होंने आगे कहा कि केंद्रीय नेतृत्व ने चैंपियन को स्थायी रूप से निलंबित करने की सिफारिश की है.

गौरतलब हो कि उत्तराखंड के खानपुर से बीजेपी विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन का एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है, जिसमें वह शराब के नशे में एक साथ कई हथियार लहराते हुए दिख रहे हैं. हाल ही में पार्टी ने अनुशासनहीनता के लिए उन्हें निलंबित कर दिया था. उन्होंने एक पत्रकार को धमकाया था.

यह भी पढ़े- वायरल वीडियो पर बीजेपी विधायक कुंवर प्रणव सिंह चैंपियन बोले- क्या शराब पीना और लाइसेंसी बंदूक रखना अपराध है?

सोशल मीडिया में छाए इस वीडियो में चैंपियन अपने हाथ में एक, दो नहीं, बल्कि तीन रिवॉल्वर और एक असल्ट राइफल के साथ गाने की धुन में ठुमके लगा रहे हैं. यही नहीं उनके हाथ में शराब भी दिख रही है. वीडियो में उनके साथ कई और लोग भी डांस कर रहे हैं. वीडियो में उन्हें अपशब्द भी कहते हुए साफ सुना जा सकता हैं. रंगीन मिजाज के बीजेपी विधायक अपनी हरकतों से अक्सर पार्टी के लिए मुसीबतें खड़ी करते रहे हैं. फिलहाल पुलिस वायरल वीडियो के आधार पर पूरे मामलें की जांच कर रही है.

(The above story first appeared on LatestLY on Jul 11, 2019 08:53 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).