देश

JDU विधायक ने दी लालू यादव को अजीब सलाह, बोले- अपने छोटे बेटे तेजस्वी से करा दें ऐश्वर्या की शादी

जेडीयू विधायक ददन यादव ने कहा कि अगर लालू अपने कुल को बचाना चाहते हैं तो वे अपनी बहु ऐश्वर्या राय की शादी अपने छोटे बेटे तेजस्वी से करा दें.

JDU विधायक ने दी लालू यादव को अजीब सलाह, बोले- अपने छोटे बेटे तेजस्वी से करा दें ऐश्वर्या की शादी
तेज प्रताप, ऐश्वर्या राय और तेजस्वी यादव (Photo Credit-PTI/ANI)

बक्सर: बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री लालू प्रसाद यादव (Lalu Prasad Yadav) के बड़े बेटे तेज प्रताप यादव (Tej Pratap Yadav) और उनकी पत्नी ऐश्वर्या राय (Aishwarya Rai) का तलाक अब राजनीतिक बहस का मुद्दा बन गया है. लालू के इस पारिवारिक मसले पर अब बिहार की सत्ताधारी पार्टी जनता दल यूनाइटेड (Janata Dal United) के विधायक ददन यादव (Dadan Yadav) ने अजीबो-गरीब सलाह दी है. ददन यादव ने आरजेडी सुप्रीमो लालू प्रसाद यादव को सलाह देते हुए कहा कि उनके बड़े बेटे तेज प्रताप यादव ने जो किया है उससे यादव समाज में जग हंसाई हो रही है. एक लड़की के भविष्य को लालू के परिवार ने बर्बाद कर दिया है.

जेडीयू विधायक ददन यादव ने कहा कि अगर लालू अपने कुल को बचाना चाहते हैं तो वे अपनी बहु ऐश्वर्या राय (Aishwarya Rai) की शादी अपने छोटे बेटे तेजस्वी (Tejashwi Yadav) से करा दें. बता दें कि जेडीयू विधायक ददन यादव अभी बिहार के डुमराव विधानसभा क्षेत्र के विधायक हैं.

बिहार के बक्सर में मंगलवार को ददन यादव ने परंपराओं का हवाला देते हुए कहा कि यादवों के कुल में लंबे अरसे से यह परंपरा चली आ रही है कि अगर परिवार का कोई लड़का साधु-महात्मा बन जाता है तो ऐसी परिस्थिति में उसकी पत्नी का विवाह दूसरे भाई से करा दिया जाता है. इससे वंश चलता रहता है और कुल आगे बढ़ता है. उन्होंने मांग की है कि एक प्रतिष्ठित परिवार की बेटी की इज्जत बचाने के लिए लालू को अपने दूसरे बेटे तेजस्वी से ऐश्वर्या की शादी जल्द से जल्द करा देनी चाहिए. यह भी पढ़ें: पत्नी ऐश्वर्या से तलाक पर तेज प्रताप यादव ने तोड़ी चुप्पी, कहा-घुट-घुट कर नहीं जीना चाहता

उन्होंने कहा कि लालू यादव के परिवार में तेज प्रताप यादव साधु-महात्मा बनने की दिशा में बढ़ चले हैं और अपनी पत्नी को तलाक देना चाहते हैं, लेकिन ऐश्वर्या राय भी किसी मामूली परिवार से नहीं हैं. वो दारोगा बाबू यादव की पोती हैं जो बिहार के मुख्यमंत्री रह चुके हैं. अब ऐश्वर्या की इज्जत लालू यादव के हाथों में है, इसलिए तेजस्वी से ऐश्वर्या की शादी करा देनी चाहिए. इससे दोनों परिवारों में फिर से खुशियां आ जाएंगी.

गौरतलब है कि पिछले साल नवंबर महीने में ही तेज प्रताप यादव ने ऐश्वर्या से तलाक लेने के लिए कोर्ट में अर्जी दी थी और इस मामले में सुनवाई चल रही है. बता दें कि तलाक की अर्जी देने के बाद से तेज प्रताप यादव अपने परिवार से अलग रह रहे हैं. हालांकि उनके परिवार ने उन्हें समझाने और तलाक को रोकने की काफी कोशिशें भी की, लेकिन इसका कोई फायदा नहीं हुआ.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 05, 2019 08:06 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).