देश

अयोध्या: शिवसेना के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव, आज ही मुंबई लौटेंगे शिव सैनिक

शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के अयोध्या पहुंचते ही शिवसेना ने अपने कार्यक्रम में अचानक बदलाव किया है. शिवसैनिक अब रविवार के स्थान पर शनिवार को ही अयोध्या से मुंबई के लिए रवाना हो जाएंगे.

अयोध्या: शिवसेना के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव, आज ही मुंबई लौटेंगे शिव सैनिक
शिवसेना के कार्यक्रम में बड़ा बदलाव (Photo Credit-Twitter)

लखनऊ: शिवसेना प्रमुख उद्धव ठाकरे के अयोध्या पहुंचते ही शिवसेना ने अपने कार्यक्रम में अचानक बदलाव किया है. शिव सैनिक अब रविवार के स्थान पर शनिवार को ही अयोध्या से मुंबई के लिए रवाना हो जाएंगे. उक्त संदर्भ में शिवसेना ने रेलवे अधिकारियों को पत्र लिखकर यह जानकारी दी है. मिली जानकारी के अनुसार शिवसेना के कार्यक्रम में यह बड़ा बदलाव विश्‍व हिंदू परिषद (VHP) के कार्यकर्ताओं और शिव सैनिकों के बीच टकराव की स्थिति को रोकने के लिए किया गया है.

बता दें कि इससे पहले शिवसेना रविवार को मुंबई लौटने वाली थी, लेकिन अब बदलाव के बाद शिव सैनिक शनिवार को ही विशेष ट्रेन से मुंबई के लिए रवाना होंगे. VHP ने रविवार को अयोध्या में मंदिर निर्माण की मांग को लेकर 'धर्म सभा' का आयोजन किया है. इस धर्म सभा को लेकर VHP का दावा है कि इसमें एक लाख से अधिक लोग शामिल होंगे. यह भी पढ़ें- अयोध्या पहुंचने के बाद दहाड़े उद्धव ठाकरे, कहा- राम मंदिर मुद्दे पर कुंभकरण को जगाने आया हूं

पहले मंदिर, फिर सरकार

गौरतलब है कि अयोध्या में राम मंदिर निर्माण के लिए अपनी पार्टी के अभियान को तेजी देने के उद्देश्य से ठाकरे ने 'पहले मंदिर, फिर सरकार' का नारा दिया है. अयोध्या के लक्ष्मण किला मैदान में उद्धव ठाकरे की रैली को लेकर तैयारी पूरी हो गई है. मंच पर बड़ा सा पोस्टर लगाया गया है. जिसमें बाल ठाकरे की तस्वीर के साथ उद्धव ठाकरे की फोटो लगी है.

माना जा रहा है कि इस पोस्टर के जरिए यह संदेश देने की कोशिश की जा रही है कि राम मंदिर आंदोलन से शिवसेना का पुराना नाता रहा है. रैली के दौरान मैदान में संतों के बैठने की गद्दी और छतरी और हवन कुंड भी तैयार किया गया है.

(The above story first appeared on LatestLY on Nov 24, 2018 06:20 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).