देश

Bharat Ratna Award: राष्ट्रपति मुर्मू आडवाणी के घर जाकर उन्हें करेंगी भारत रत्न से सम्मानित

राष्ट्रपति भवन में शनिवार को आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश की चार महान हस्तियों - बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर, देश के पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव एवं चौधरी चरण सिंह और देश के प्रसिद्ध कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न से सम्मानित किया.

Bharat Ratna Award: राष्ट्रपति मुर्मू आडवाणी के घर जाकर उन्हें करेंगी भारत रत्न से सम्मानित
Lal Krishna Advani (Photo Credit: ABP News)

नई दिल्ली, 30 मार्च : राष्ट्रपति भवन में शनिवार को आयोजित एक समारोह में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश की चार महान हस्तियों - बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर, देश के पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव एवं चौधरी चरण सिंह और देश के प्रसिद्ध कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को भारत रत्न से सम्मानित किया. इन चारों विभूतियों को मरणोपरांत यह सम्मान दिया गया है.

देश के पूर्व उप प्रधानमंत्री और भाजपा के दिग्गज नेता लालकृष्ण आडवाणी को भी भारत रत्न सम्मान से सम्मानित किया जाना है. लेकिन अस्वस्थ होने के कारण वह शनिवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में शामिल नहीं हो पाए. यह भी पढ़ें : Bharat Ratna Award: राष्ट्रपति मुर्मू ने चौधरी चरण सिंह, कर्पूरी ठाकुर, नरसिम्हा राव, एमएस स्वामीनाथन को मरणोपरांत भारत रत्न से किया सम्मानित, देखें वीडियो

बताया जा रहा है कि राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू रविवार, 31 मार्च को लालकृष्ण आडवाणी के घर जाकर उन्हें भारत रत्न से सम्मानित करेंगी. इस दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी सहित कई अन्य महत्वपूर्ण व्यक्ति भी मौजूद रह सकते हैं. आपको बता दें कि शनिवार को राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में बिहार के पूर्व मुख्यमंत्री जननायक कर्पूरी ठाकुर को राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू ने देश के सबसे बड़े सम्मान भारत रत्न से सम्मानित किया. स्वर्गीय कर्पूरी ठाकुर के पुत्र रामनाथ ठाकुर ने यह सम्मान प्राप्त किया.

देश के पूर्व प्रधानमंत्री पीवी नरसिम्हा राव को भी मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया. उनके पुत्र पीवी प्रभाकर राव ने राष्ट्रपति से यह सम्मान प्राप्त किया. वहीं देश के एक और पूर्व प्रधानमंत्री एवं किसानों के मसीहा माने जाने वाले चौधरी चरण सिंह को भी मरणोपरांत भारत रत्न से सम्मानित किया गया. राष्ट्रपति भवन में आयोजित कार्यक्रम में उनके पोते जयंत चौधरी ने यह सम्मान प्राप्त किया.

देश के प्रसिद्ध कृषि वैज्ञानिक एमएस स्वामीनाथन को भी (मरणोपरांत) भारत रत्न से सम्मानित किया गया. उनकी बेटी नित्या राव ने राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू से यह सम्मान प्राप्त किया. इस मौके पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह, भाजपा राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा और कांग्रेस राष्ट्रीय अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे सहित केंद्र सरकार के कई मंत्री एवं अन्य गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे.

(The above story first appeared on LatestLY on Mar 30, 2024 12:55 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).