चप्पल में छिपे सांप ने डसा, बेंगलुरु के शख्स की दर्दनाक मौत, सोते-सोते गई जान
बेंगलुरु के अनेकल तालुक में 41 साल के मंजू प्रकाश की सांप के काटने से मौत हो गई. चप्पल में छिपे सांप ने उन्हें पैर में डस लिया, लेकिन उन्हें दर्द का पता नहीं चला क्योंकि उस पैर की संवेदना पहले से खत्म थी. सोते-सोते सांप का जहर फैल गया और उनकी जान चली गई.
बेंगलुरु से एक हैरान कर देने वाली खबर सामने आई है. यहां 41 साल के मंजू प्रकाश की सांप के काटने से मौत हो गई. ये हादसा बेंगलुरु जिले के अनेकल तालुक के बन्नेरघट्टा इलाके के रंगनाथ लेआउट में हुआ. दरअसल, मंजू प्रकाश सुबह घर से बाहर जाने की तैयारी कर रहे थे. उन्होंने रोज की तरह अपनी क्रॉक्स चप्पलें पहन लीं, लेकिन उन्हें पता ही नहीं चला कि उसी चप्पल में एक सांप छिपा हुआ है. जैसे ही उन्होंने चप्पल पहनी, सांप ने उनके पैर में काट लिया.
क्यों नहीं समझ पाए सांप के काटने का दर्द
कुछ समय पहले एक दुर्घटना में मंजू के एक पैर की संवेदना खत्म हो गई थी. इसी वजह से उस पैर में उन्हें दर्द या स्पर्श महसूस नहीं होता था. संयोग से सांप ने उसी पैर में काट लिया. मंजू को इस बात का अंदाजा ही नहीं लग पाया कि उन्हें सांप ने डसा है.
नींद में चली गई जान
सांप के काटने के बाद मंजू घर लौटे और बिस्तर पर जाकर लेट गए. इस दौरान सांप का जहर धीरे-धीरे उनके शरीर में फैल गया. वे सोते-सोते ही मौत के शिकार हो गए. बाद में एक पड़ोसी ने उनकी चप्पल के अंदर सांप देखा और परिवार को खबर दी, लेकिन तब तक मंजू की जान जा चुकी थी.
बरसात में रखें खास सावधानी
बरसात के मौसम में सांप अक्सर घरों में घुस जाते हैं और अंधेरी या गर्म जगहों पर छिप जाते हैं. कई बार वे जूते-चप्पलों के अंदर भी घुस जाते हैं. ऐसे में डॉक्टर और एक्सपर्ट सलाह देते हैं कि बारिश के दिनों में जूते-चप्पल पहनने से पहले उन्हें जरूर उलट-पलट कर देख लेना चाहिए.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 31, 2025 07:53 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

