Amar Singh Death Hoax: पूर्व समाजवादी पार्टी नेता ने निधन की खबरों को बताया अफवाह, सिंगापुर से वीडियो ट्वीट कर कहा 'टाइगर जिंदा है'
सोमवार को अचानक ट्विटर पर अमर सिंह के निधन की अफवाह उड़ने लगी. कई लोगों ने ट्वीट कर अमर सिंह के स्वास्थ्य पर अपडेट जानना चाहा, तो वहीं कई यूजर्स उन्हें सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देने लगे.
Amar Singh Death Hoax: समाजवादी पार्टी (एसपी) के पूर्व नेता अमर सिंह (Amar Singh) ने सोमवार को एक वीडियो ट्वीट किया है. इस ट्वीट में उन्होंने कैप्शन दिया है, टाइगर जिंदा है! इस वीडियो में उन्होंने बताया कि वे जिंदा हैं और बीमारी से जूझ रहे हैं. उन्होंने बताया कि कैसे कुछ लोग उनकी मौत की झूठी खबर सोशल मीडिया साइट्स पर फैला रहे हैं जो कि पूरी तरह से झूठी है. विडियो में अमर सिंह यह कहते हुए दिखाई देते हैं, 'सिंगापुर से मैं अमर सिंह बोल रहा हूं. रुग्ण (बीमार) हूं, त्रस्त हूं दिक्कतों से लेकिन डरा नहीं हूं. हिम्मत बाकी है, जोश बाकी है, होश भी बाकी है. हमारे शुभचिंतक और मित्रों ने ये अफवाह बहुत तेजी से फैलाई है कि यमराज ने मुझे अपने पास बुला लिया है. ऐसा बिल्कुल नहीं है. मेरा इलाज चल रहा है.'
अमर सिंह ने कहा, 'मां भगवती की इच्छा हुई तो अपनी सर्जरी के बाद शीघ्र-अतिशीघ्र दोगुनी ताकत से वापस आऊंगा और आप लोगों के बीच सदैव की भांति...जैसा भी हूं, जो भी हूं आपका हूं. बुरा हूं तो अच्छा हूं तो...अपनी चिरपरिचित शैली, प्रथा और परंपरा के अनुकूल जैसे अबतक जीवन जिया है, वैसे आगे भी जीता रहूंगा.' यह भी पढ़ें- जिंदगी और मौत के बीच जूझ रहे अमर सिंह ने अमिताभ बच्चन को लेकर की गई टिप्पणी पर जताया दुख, ट्विटर पर कही ये बड़ी बात.
यहां देखें अमर सिंह का वीडियो-
Tiger Zinda Hai!! pic.twitter.com/YWm3Sb0Yuw
— Amar Singh (@AmarSinghTweets) March 2, 2020
एसपी के पूर्व नेता अमर ने कहा, 'बाकी हमारे मित्र जो हमारी मृत्यु की कामना कर रहे हैं, वह यह कामना छोड़ दें. अपने पहले के अनुभवों को साझा करते हुए उन्होंने कहा कि उनकी तबीयत पहले भी बिगड़ी थी लेकिन हर बार वो मौत के मुंह से लड़कर वापस आ गए. उन्होंने कहा हर दम मृत्यु हमारे द्वार को खटखटाती है. झांसी में एकबार हवाई जहाज से गिर गया था तो भी यमराज ने स्वीकार नहीं किया. दस साल पहले भी गुर्दे का प्रत्यारोपण हुआ तो भी मैं लौटकर आ गया.
मिडिल ईस्ट में 12-13 दिन तक वेंटिलेटर पर मौत से लड़कर वापस आ गया. उनके मुकाबले अबकी बार तो बिल्कुल स्वस्थ हूं, बिल्कुल सचेतन हूं. हमारे डॉक्टर कहते हैं कि हमारा मस्तिष्ट 10 साल के बच्चे से ज्यादा उर्वरक है. फिर भी अपने सारे शुभेच्छुओं को जो हमारी मृत्यु की खबर फैला रहे हैं, उन्हें कोटि-कोटि धन्यवाद.'
दरअसल सोमवार को अचानक ट्विटर पर अमर सिंह के निधन की अफवाह उड़ने लगी. कई लोगों ने ट्वीट कर अमर सिंह के स्वास्थ्य पर अपडेट जानना चाहा, तो वहीं कई यूजर्स उन्हें सोशल मीडिया पर श्रद्धांजलि देने लगे. बढ़ती अफवाहों को देख सिंगापुर के अस्पताल में इलाज करवा रहे अमर सिंह ने वीडियो जारी कर सभी अफवाहों पर विराम लगाया.
(The above story first appeared on LatestLY on Mar 03, 2020 09:41 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

