भारतीय विमानों पर रोक के बाद बीसीसीआई ने विदेशी खिलाड़यों को सुरक्षित घर वापसी का भरोसा दिया
भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों से गंभीर स्थिति को देखते हुए ऑस्ट्रेलिया ने मंगलवार भारत से सभी सीधी उड़ानों को 15 मई तक तुरंत प्रभाव से स्थगित कर दिया और इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) में भाग ले रहे खिलाड़ियों को स्वदेश लौटने का इंतजाम खुद करने का निर्देश दिया जिसके बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने टूर्नामेंट समाप्त होने के बाद खिलाड़ियों के सुरक्षित स्वदेश वापसी का भरोसा दिया.
नयी दिल्ली/ मेलबर्न, 27 अप्रैल : भारत में कोरोना वायरस के बढ़ते मामलों से गंभीर स्थिति को देखते हुए ऑस्ट्रेलिया (Australia) ने मंगलवार भारत से सभी सीधी उड़ानों को 15 मई तक तुरंत प्रभाव से स्थगित कर दिया और इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) में भाग ले रहे खिलाड़ियों को स्वदेश लौटने का इंतजाम खुद करने का निर्देश दिया जिसके बाद भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) ने टूर्नामेंट समाप्त होने के बाद खिलाड़ियों के सुरक्षित स्वदेश वापसी का भरोसा दिया. बीसीसीआई का यह बयान तीन आस्ट्रेलियाई खिलाड़ियों के स्वदेश लौट जाने के बाद आया है. राजस्थान रॉयल्स (Rajasthan Royals) के एंड्रयू टाइ तथा रॉयल चैलेंजर्स बेंगलोर के केन रिचर्डसन और एडम जंपा ने आईपीएल से हटने का फैसला किया. बीसीसीआई सीओओ हेमांग अमीन ने खिलाड़ियों को संबोधित पत्र में कहा, ‘‘हम जानते हैं कि आप में से कई इस बात को लेकर आशंकित हैं कि टूर्नामेंट समाप्त होने के बाद स्वदेश कैसे लौटेंगे. हम आपको विश्वास दिलाते हैं कि आपको चिंता करने की कोई जरूरत नहीं है.’’
उन्होंने कहा, ‘‘बीसीसीआई यह सुनिश्चित करने के लिये अपनी तरफ से सब कुछ करेगा कि आप अपने गंतव्य तक बिना किसी रुकावट के पहुंचे. बीसीसीआई स्थिति पर करीबी निगरानी रख रहा है तथा टूर्नामेंट समाप्त होने के बाद आपको स्वदेश पहुंचाने के लिये सरकारी अधिकारियों के साथ मिलकर काम कर रहा है.’’ पत्र में आगे कहा गया है, ‘‘हम आपको आश्वस्त करते हैं कि बीसीसीआई के लिये तब तक टूर्नामेंट समाप्त नहीं होगा जब तक आप सकुशल अपने घर नहीं पहुंच जाते.’’ भारत में पिछले कुछ दिनों से तीन लाख से अधिक मामले आ रहे हैं तथा आक्सीजन और अन्य महत्वपूर्ण दवाईयों की कमी के कारण स्वास्थ्य ढांचा चरमरा रहा है. आस्ट्रेलिया ने कोविड-19 मामलों के बढ़ने के कारण मंगलवार को भारत से सभी सीधी उड़ानों को 15 मई तक तुरंत प्रभाव से स्थगित कर दिया. यह भी पढ़ें : IPL 2021 DC vs RCB: आज दिल्ली और आरसीबी के बीच होगी कांटे की टक्कर, जानिए क्या कहते है आंकड़े और रिकॉर्ड
कोलकाता नाइट राइडर्स (केकेआर) के मेंटोर डेविड हस्सी ने स्वीकार किया कि आईपीएल से जुड़े आस्ट्रेलियाई यहां की स्थिति को देखकर स्वदेश वापसी को लेकर थोड़ा नर्वस हैं. अमीन ने खिलाड़ियों के टूर्नामेंट में बने रहने के लिये सराहना की. उन्होंने कहा, ‘‘जैसा कि आपमें से कुछ खिलाड़ियों ने कहा कि यदि हम थोड़े समय के लिये भी लोगों का ध्यान तमाम परेशानियों से हटाने में सफल रहते हैं तो हम अहम भूमिका निभाते हैं. जब आप मैदान पर उतरते हो तो उन लाखों लोगों में उम्मीद जगाते हो जो उसे देख रहे हैं. ’’ अमीन ने कहा, ‘‘यदि आप एक मिनट के लिये भी किसी के चेहरे पर मुस्कान ला सकते हो तो आपने अच्छा काम किया है. आप पेशेवर हो और जीत के लिये खेलते हो लेकिन इस बार आप इससे भी अधिक महत्वपूर्ण काम कर रहे हो.’’ मुंबई इंडियन्स के बल्लेबाज क्रिस लिन ने क्रिकेट आस्ट्रेलिया (सीए) से आईपीएल समाप्त होने के बाद खिलाड़ियों के स्वदेश लौटने के लिये विशेष विमान की व्यवस्था करने का आग्रह किया है
लिन ने न्यूज क्रॉप मीडिया से कहा, ‘‘ हर आईपीएल अनुबंध का से क्रिकेट ऑस्ट्रेलिया को 10 प्रतिशत हिस्सा मिलता है. क्या इस साल हम टूर्नामेंट खत्म होने के बाद उस पैसे का इस्तेमाल चार्टर विमान पर खर्च कर सकते है? ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री स्कॉट मॉरिसन ने खिलाड़ियों के स्वदेश वापसी में सरकार की ओर से मदद की संभावना को नकराते हुए मंगलवार को कहा कि आईपीएल में भाग ले रहे उनके देश के क्रिकेटरों को स्वदेश लौटने के लिए अपना इंतजाम खुद करना होगा. मौरिशन ने ‘द गार्जियन’ अखबार से कहा, ‘‘ वे वहां निजी यात्रा पर गये हैं. यह किसी ऑस्ट्रेलियाई दौरे का हिस्सा नहीं है. वे अपने स्वयं के संसाधनों से वहां पहुंचे है, वे उन संसाधनों का भी उपयोग कर रहे हैं. मुझे यकीन है, वे अपनी व्यवस्था के अनुसार ऑस्ट्रेलिया लौटेंगे.’’ आईपीएल बायो बबल से बाहर की इस संकट पर चर्चा शुरू हो गयी है कि क्या लीग को जारी रखना चाहिये और आयोजकों तथा इस में भाग लेने वाले खिलाड़ियों को सहानुभूति व्यक्त करने के लिए कुछ करना चाहिये. यह भी पढ़ें : IPL 2021: ऑस्ट्रेलिया के प्रधानमंत्री का बड़ा बयान, आईपीएल में भाग ले रहे खिलाड़ियों को स्वदेश लौटने का खुद इंतजाम करना होगा
कोलकाता नाइट राइडर्स के आस्ट्रेलियाई तेज गेंदबाज पैट कमिंस ने सोमवार को भारत में कोविड-19 मामलों से भरे अस्पतालों में आक्सीजन की आपूर्ति के लिये ‘पीएम केयर्स फंड’ में 50,000 डॉलर दान देने की घोषणा की. उन्होंने उम्मीद जतायी कि उनका यह कदम दूसरों को भी प्रेरित करेगा. कमिंस ने साथ ही कहा कि उन्हें सलाह दी गयी है कि इंडियन प्रीमियर लीग के जारी रहने से इस मुश्किल समय में लोगों को ‘कुछ घंटे का आनंद’ मिल रहा है. उन्होंने कहा था, ‘‘ जब आप मैदान पर उतरते है तो आप लाखों लोगों की उम्मीद जगाते है.’’ आस्ट्रेलिया के 14 खिलाड़ी अभी लीग में हैं . उनके अलावा कोच रिकी पोंटिंग और साइमन कैटिच, कमेंटेटर मैथ्यू हेडन, ब्रेट ली, माइकल स्लेटर और लीजा स्टालेकर भी यहां हैं . इंग्लैंड और न्यूजीलैंड के भी कई खिलाड़ी आईपीएल में खेल रहे हैं, लेकिन अभी तक उन्होंने कोई चिंता नहीं जतायी है. आईपीएल फाइनल 30 मई को अहमदाबाद में खेला जाएगा.
(The above story first appeared on LatestLY on Apr 27, 2021 04:50 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

