उत्तराखंड में लगभग पांच हजार होम स्टे को किया जाएगा ऑनलाइन: CM धामी
उत्तराखंड में अब होमस्टे की बुकिंग ऑनलाइन होगी. इसके लिए डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट यूटीटीएआरएएसटीएवाईएस डॉट कॉम बुकिंग की जा सकती है.
देहरादून, 18 जुलाई (आईएएनएस). उत्तराखंड में अब होमस्टे की बुकिंग ऑनलाइन होगी. इसके लिए डब्ल्यू डब्ल्यू डब्ल्यू डॉट यूटीटीएआरएएसटीएवाईएस डॉट कॉम बुकिंग की जा सकती है. किसी भी राज्य में पर्यटन विभाग द्वारा यह पहली ऐसी पहल है, जहां राज्य प्रायोजित होम स्टे बुकिंग पोर्टल लॉन्च किया गया है. सचिव पर्यटन/मुख्य कार्यकारी अधिकारी, उत्तराखंड पर्यटन विकास परिषद सचिन कुर्वे ने बताया कि, राज्य में होम स्टे के बुनियादी ढांचे को सुदृढ़ बनाने के लिए तीन-आयामी रणनीति, सब्सिडी के माध्यम से सहायता, होम स्टे मालिकों को कौशल प्रशिक्षण और ऑनलाइन पोर्टल के माध्यम से बुकिंग एक मील का पत्थर साबित होगी.
उन्होंने सभी होम स्टे मालिकों को अपने होमस्टे को पोर्टल पर पंजीकृत कराने के लिए भी आमंत्रित किया है. उपयोगकर्ता प्लेटफॉर्म पर होमस्टे को रेटिंग भी दे सकते हैं. इसके माध्यम से होम स्टे संचालकों को उनकी सेवाओं पर प्रतिक्रिया मिलेगी, इससे उन्हें अपनी सेवाओं में सुधार करने का अवसर भी प्राप्त होगा.
उन्होंने कहा कि भविष्य में होम स्टे को विभिन्न क्षेत्रों में स्थापित वेलनेस सेंटरों के साथ जोड़ने की भी योजना है, ताकि पर्यटकों को योग, प्राकृतिक चिकित्सा, पंचकर्म, आयुर्वेदिक मसाज आदि सेवाओं का भी लाभ मिल सके. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि, राज्य में पर्यटन को बढावा देने के लिये होम स्टे योजना प्रभावी माध्यम है. होम स्टे बुकिंग पोर्टल की शुरूआत, होमस्टे संचालकों की आर्थिकी को भी मजबूत करने वाला प्रयास है. इस पोर्टल से आम जनता को होमस्टे के बारे में सही जानकारी उपलबध कराने के साथ होमस्टे को ऑनलाइन बुक करने में सुविधा होगी. यह पहल होम स्टे मालिकों को बुकिंग के लिए एक ऑनलाइन माध्यम प्रदान करने का भी प्रयास है.
वहीं पर्यटन मंत्री सतपाल महाराज ने कहा कि, इस ऑनलाइन पोर्टल के साथ पर्यटन विभाग द्वारा होम स्टे को बढ़ावा देने के लिए एक और आयाम जोड़ा गया है. इससे होम स्टे के मालिक होम स्टे के बारे में जानकारी प्रदान करके और इसके लिए एक समझौते पर हस्ताक्षर करके अपने होम स्टे को इस पोर्टल पर बुकिंग हेतु पंजीकृत कर सकते हैं.
उत्तराखंड पर्यटन विभाग पर्यटन संबंधी गतिविधियों के माध्यम से स्थानीय अर्थव्यवस्था को बढ़ावा देने के लिए निरंतर प्रतिबद्ध है. और यह पहल होम स्टे मालिकों को बिना किसी शुल्क के एक ऑनलाइन माध्यम प्रदान कर उनकी आय बढ़ाने की दिशा में एक सशक्त और महत्वपूर्ण कदम है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 18, 2024 11:46 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

