Pune: पुणे के राजीव गांधी जू में 8 दिनों में 14 हिरणों की मौत, खाने के सैंपल लैब में भेजे, घटना को लेकर पशु प्रेमियों में नाराजगी
पुणे के कात्रज स्थित राजीव गांधी प्राणी संग्रहालय में पिछले 8 दिनों में 14 हिरणों की मौत ने प्रशासन में हलचल मचा दी है.
पुणे, महाराष्ट्र: पुणे के कात्रज स्थित राजीव गांधी प्राणी संग्रहालय से एक बेहद चिंताजनक मामला सामने आया है.यहां पिछले आठ दिनों में 14 हिरणों की मौत हो चुकी है. लगातार हो रही इन मौतों से न सिर्फ प्रशासन में हड़कंप मच गया है, बल्कि वन्यजीव प्रेमियों के बीच भी चिंता का माहौल बना हुआ है.संग्रहालय में 100 से अधिक हिरण हैं, लेकिन हाल ही में 14 की अचानक मौत हुई है. इन मौतों की असली वजह अभी तक सामने नहीं आई है.
हिरणों को दिए जाने वाले आहार के नमूने रोग अन्वेषण विभाग को भेजे गए हैं ताकि यह पता लगाया जा सके कि कहीं खाना जहरीला या दूषित तो नहीं था.इस घटना के बाद पशु प्रेमियों ने भी नाराजगी जताई है.ये भी पढ़े:पुणे के फेमस गुडलक कैफ़े का लाइसेंस अस्थाई रूप से रद्द, बन मस्का में कांच मिलने के बाद हुई कार्रवाई
वेटेरनरी डॉक्टर की जानकारी
इस मामले में पशु चिकित्सा अधिकारी डॉ. घनश्याम पवार ने बताया कि आने वाले 2 से 3 दिनों में जांच रिपोर्ट मिल जाएगी, जिसके बाद मौतों का कारण स्पष्ट होगा. अभी तक कोई संक्रमण या बाहरी हमला जैसी बात सामने नहीं आई है, लेकिन सभी पहलुओं पर जांच की जा रही है.
महाराष्ट्र ज़ू अथॉरिटी ने किया दौरा
घटना की गंभीरता को देखते हुए महाराष्ट्र ज़ू अथॉरिटी के अधिकारी भी मौके पर पहुंचे और राजीव गांधी प्राणी संग्रहालय का निरीक्षण किया. फिलहाल, अधिकारियों ने किसी भी नतीजे पर पहुंचने से पहले रिपोर्ट का इंतजार करने की बात कही है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 15, 2025 06:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

