देश के 10 लाख बैंककर्मी 26 दिसंबर को करेंगे हड़ताल, सरकार से बातचीत रही बेनतीजा
सरकार से समझौता वार्ता विफल हो जाने के बाद सरकारी और निजी बैंकों के करीब 10 लाख बैंककर्मी 26 दिसंबर को हड़ताल करेंगे. ये लोग बैंक ऑफ बड़ौदा, देना बैंक और विजया बैंक के विलय के खिलाफ आंदोलन करने जा रहे हैं.
चेन्नई: सरकार (Government) से समझौता वार्ता विफल हो जाने के बाद सरकारी और निजी बैंकों के करीब 10 लाख बैंककर्मी (Bank Employees) 26 दिसंबर (December 26) को हड़ताल (Strike) करेंगे. ये लोग बैंक ऑफ बड़ौदा, देना बैंक और विजया बैंक के विलय के खिलाफ आंदोलन करने जा रहे हैं. ऑल इंडिया बैंक इम्प्लाइज एसोसिएशन (एआईबीईए) (All India Bank Employees Union) ने गुरुवार को यह जानकारी दी. एआईबीईए के महासचिव सी. एच. वेंकटाचलम ने आईएएनएस को बताया, "आज (गुरुवार) दिल्ली में हुई समझौता वार्ता के दौरान अतिरिक्त मुख्य श्रम आयुक्त ने तीनों बैंकों और आईबीए (इंडियन बैंक एसोसिएशन) को सलाह दी कि वे यूनियन के साथ बातचीत करें और यूनियन की चिंताओं से सरकार को अवगत कराएं."
वेंकटाचलम ने कहा, "आईबीए का कहना है कि सरकार की तरफ से अभी तक कोई आश्वासन नहीं दिया गया है, इसलिए समझौता वार्ता विफल हो गई है और हम 26 दिसंबर की हड़ताल पर कायम हैं." युनाइटेड फोरम ऑफ बैंक यूनियंस (यूएफबीयू) के तहत आनेवाले बैंकिंग क्षेत्र की नौ यूनियनों में से एक एआईबीईए भी है.
वेंकटाचलम के मुताबिक, यह हड़ताल सिर्फ बैंकों के विलय के खिलाफ है और आईबीए के साथ वेतन संशोधन वार्ता पर कोई गतिरोध नहीं है. वहीं, एआईबीईए ने कहा कि भारत में अभी तक बैंकिंग सुविधाएं सभी जगहों पर ठीक से पहुंची भी नहीं है. ऐसे में बैंकों के विलय से उनकी शाखाएं बंद हो जाएंगी, जबकि फोकस बैंकों के बड़े-बड़े कर्ज की वसूली पर होनी चाहिए. यह भी पढ़ें: छुट्टी और हड़ताल के कारण कल से 5 दिन तक बंद रहेंगे बैंक, आज ही निपटा लें अपने जरूरी काम
गौरतलब है कि देश भर में 25 दिसंबर को क्रिसमस की छुट्टी है और 26 दिसंबर को देश के 10 लाख बैंककर्मी हड़ताल करेंगे, जिसके चलते बैंक दो दिन तक बंद रहेंगे और बैंकों का सारा कामकाज ठप रहेगा.
(The above story first appeared on LatestLY on Dec 20, 2018 06:26 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

