छत्तीसगढ़: रायपुर में कार और ट्रक की भिडंत में टीवी बाल कलाकार शिवलेख सिंह की मौत
छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में कार और ट्रक के बीच हुई टक्कर में कार सवार एक टीवी बाल कलाकार की मौत हो गई है. इस घटना में बालक के माता-पिता समेत तीन लोग घायल हुए हैं.
रायपुर: छत्तीसगढ़ के रायपुर जिले में कार और ट्रक के बीच हुई टक्कर में कार सवार एक टीवी बाल कलाकार की मौत हो गई है. इस घटना में बालक के माता-पिता समेत तीन लोग घायल हुए हैं. रायपुर जिले के पुलिस अधीक्षक आरिफ शेख ( Arif Shaikh) ने बृहस्पतिवार को यहां ‘भाषा’ को बताया कि जिले के धरसीवां थाना क्षेत्र के अंतर्गत कार और ट्रक के बीच हुई टक्कर में कार सवार टेलीविजन बाल कलाकार शिवलेख सिंह (Shivlekh Singh) (14 वर्ष) की मौत हो गई है और उनकी मां लेखना सिंह, पिता शिवेंद्र सिंह और एक अन्य व्यक्ति नवीन सिंह घायल हो गए हैं.
आरिफ शेख ने बताया कि पुलिस को जानकारी मिली है कि शिवलेख और उनके परिजन एक कार में सवार होकर बिलासपुर से रायपुर के लिए रवाना हुए थे। जब वह धरसीवां थाना क्षेत्र में थे, तभी उनकी तेज रफ्तार कार सामने से आ रहे ट्रक के पिछले हिस्से से टकरा गई. इस घटना में शिवलेख की घटना स्थल पर ही मौत हो गई. पुलिस अधिकारी ने बताया कि घटना की जानकारी मिलने के बाद घटनास्थल के लिए पुलिस दल रवाना किया गया तथा घायलों और शव को अस्पताल पहुंचाया गया. यह भी पढ़े: अभिनेता और टीडीपी नेता नंदमुरी हरिकृष्णा की सड़क हादसे में हुई मौत
घायलों को रायपुर के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. पुलिस अधीक्षक ने बताया कि पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है. घटना के बाद ट्रक चालक ट्रक छोड़कर फरार हो गया. पुलिस ट्रक चालक की खोज कर रही है.
शिवलेख के परिवार के मित्र धीरेंद्र कुमार शर्मा ने बताया कि रायपुर के कुछ स्थानीय अखबार और समाचार चैनल में शिवेलख के साक्षात्कार का कार्यक्रम था। इसके लिए शिवलेख अपने परिवार के साथ रायपुर के लिए रवाना हुए थे. शर्मा ने बताया कि शिवलेख छत्तीसगढ़ के जांजगीर चांपा जिले का निवासी था। उनका परिवार पिछले 10 वर्ष से मुंबई में निवास कर रहा है. शिवलेख ने 'संकटमोचन हनुमान' और 'ससुराल सिमर का' समेत कई अन्य टीवी धारावाहिक में काम किया है। वहीं उन्होंने टीवी रिएलिटी शो में भी काम किया है.
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 19, 2019 09:02 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

