कैंसर से जूझ रहीं सोनाली बेंद्रे को कटाने पड़े अपने बाल, कहा, ‘हां ये मैं हूं और मैं खुश हूं’
अपने पिछले सोशल मीडिया पोस्ट्स में सोनाली ने सभी से उनकी अच्छी सेहत के लिए प्रार्थना करने की गुजारिश की थी
By Akash Jaiswal | Published: Aug 05, 2018 12:23 PM IST
सोनाली बेंद्रे के साथ सुजैन खान (Photo Credits: Instagram)
सोनाली बेंद्रे ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट इंस्टाग्राम पर अपनी एक लेटेस्ट फोटो पोस्ट की है. फोटो में देखा गया कि सोनाली को कैंसर के चलते अपने बाल को भी त्यागना पड़ा है. खास बात ये है कि ऐसी विकट परिस्थिति में भी सोनाली के चेहरे पर मुस्कान है और वो एक आम व्यक्ति की तरह अपने दोस्तों के साथ बैठीं कोल्ड कॉफी का आनंद ले रही हैं. फोटो को देखकर कोई भी ये अंदाजा नहीं लगा पाएगा कि इस समय सोनाली किस तरह की मुश्किल दौर से गुजर रहीं हैं.
इसके अलावा खुशी कि बात ये भी है कि इस परीक्षा की घड़ी में सोनाली के साथ उनकी दोस्त सुजैन खान भी उन्हें हौसला देने में कोई कसर नहीं छोड़ रहीं हैं. सुजैन इस समय सोनाली के साथ न्यूयॉर्क में टाइम स्पेंड कर रही हैं. साथ ही वहां सुजैन की मौजूदगी से सोनाली भी काफी खुश हैं.
सोनाली ने फोटो को शेयर करते हुए बड़े ही कॉन्फिडेंस के साथ लिखा, “हां, ये मैं हूं और मैं खुश हूं. लोग इस तरह से मुझे देखकर अजीब लुक देते हैं लेकिन यही सच है. मैं इन दिनों हर बारीकी पर ध्यान दे रही हूं और मौजूदा पल को खुलकर जी रही हूं. हां ऐसे लम्हें भी आते हैं जहां तकलीफ होती है और मुझमें कम ऊर्जा होती है लेकिन मैं अपने दोस्तों की शुक्रगुजार हूं क्योंकि वो मेरे लिए सपोर्ट बनकर आगे आए हैं. अपने काम से समय निकालकर भी वो मुझसे मिलने आए.
लोग फोन करते हैं, फेसटाइम करते हैं और मुझे कभी भी अकेला महसूस होने नहीं देते हैं. आज फ्रेंडशिप डे के मौके पर आप सभी को धन्यवाद कहना चाहूंगी.अब मुझे तैयार होने में कम समय लगता है क्योंकि मुझे अपने बालों को लेकर परेशानी नहीं होती है."
बता दें कि मेटास्टेटिक कैंसर से पीड़ित सोनाली न्यूयॉर्क में अपना इलाज करवा रही हैं. उनके साथ उनके पति गोल्डी बहल और उनका बेटा रणवीर भी मौजूद है.
(The above story first appeared on LatestLY on Aug 05, 2018 11:57 AM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).