बॉलीवुड

हो गया खुलासा, फिल्म ‘भारत’ में जैकी श्रॉफ निभाएंगे सलमान खान के पिता का किरदार

8 साल बाद बड़े पर्दे पर होगा सलमान खान और जैकी श्रॉफ का मिलन, ये रही डिटेल्स

हो गया खुलासा, फिल्म ‘भारत’ में जैकी श्रॉफ निभाएंगे सलमान खान के पिता का किरदार
सलमान खान और जैकी श्रॉफ (Photo Credits: Youtube)

सलमान खान की फिल्म ‘भारत’ को लेकर काम जोर पर है. एक तरफ जहां फिल्म में सलमान के साथ दिशा पटानी, सुनील ग्रोवर काम कर रहे हैं वहीं जैकी श्रॉफ भी इस फिल्म की कास्ट से जुड़ गए हैं. आज इस फिल्म को लेकर मीडिया में खुलासा किया गया कि करीब 8 साल के बाद जैकी और सलमान बड़े पर्दे पर एक साथ नजर आएंगे. बताया जा रहा है कि फिल्म में जैकी, सलमान के पिता की भूमिका में नजर आएंगे.

मुंबई मिरर में छपी खबर के अनुसार, फिल्म के निर्देशक अली अब्बास जफर ने खुद इस खबर को कन्फर्म किया है. अली ने कहा, “हमने लंदन में जग्गू दादा से मुलाकात की और वहां फिल्म के डेट्स और उनके लुक्स को लेकर चर्चा की. मैं काफी समय से उनके साथ काम करना चाहता था क्योंकि वो एक अच्छे कलाकार और अच्छे स्टार, दोनों ही हैं. हम बेहद खुश हो गए जब नरेशन के मात्र 20 मिनट में वो फिल्म करने के लिए मान गए.”

आपको बता दें कि फिल्म 'भारत' के लिए माल्टा में शूटिंग की गई जिसके बाद अब इसके एक्शन और रोमांटिक सीन्स के लिए फिल्म की टीम अबू धाबी रवाना होगी. गौरतलब है कि अबू धाबी सलमान के फेवरेट लोकेशन्स में से एक है. चाहे वो फिल्म 'टाइगर जिंदा है' हो या फिर 'रेस 3', सलमान अपनी फिल्मों को इस लोकेशन पर शूट करना पसंद करते हैं.

फिल्म 'भारत' का निर्माण अतुल अग्निहोत्री और भूषण कुमार मिलकर कर रहे हैं और ये फिल्म ईद 2019 में रिलीज होगी.

(The above story first appeared on LatestLY on Sep 03, 2018 01:30 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).