देश की खबरें | आईआईटी मद्रास के जंजीबार परिसर का नेतृत्व महिला निदेशक करेंगी

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आईआईटी मद्रास का जंजीबार परिसर विदेश में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) का पहला परिसर है। साथ ही यह पहला आईआईटी बन गया है, जिसकी निदेशक एक महिला होंगी।

नयी दिल्ली, 10 जुलाई आईआईटी मद्रास का जंजीबार परिसर विदेश में भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (आईआईटी) का पहला परिसर है। साथ ही यह पहला आईआईटी बन गया है, जिसकी निदेशक एक महिला होंगी।

आईआईटी मद्रास के जंजीबार परिसर का पहला अकादमिक सत्र इस वर्ष अक्टूबर से प्रारंभ होगा और इसका प्रभारी निदेशक प्रोफेसर प्रीति अघालयम को नियुक्त किया गया है, जो आईआईटी मद्रास की पूर्व छात्रा हैं।

आईआईटी मद्रास के निदेशक वी कामकोटि ने संवाददाताओं को बताया, ‘‘ अघालयम आईआईटी का निदेशक बनने वाली पहली महिला हैं। हम कई और उत्साहवर्द्धक चीजें देखेंगे। हम टिकाऊ विकास लक्ष्यों का पालन कर रहे हैं और हमें लैंगिक संतुलन लाना है।’’

आईआईटी मद्रास ने अपना पहला परिसर जंजीबार में स्थापित करने की पिछले सप्ताह घोषणा की थी।

जंजीबार में आईआईटी मद्रास का परिसर स्थापित करने के लिए भारत के शिक्षा मंत्रालय, आईआईटी मद्रास और तंजानिया के शिक्षा एवं व्यावसायिक प्रशिक्षण मंत्रालय के बीच पांच जुलाई 2023 को एक सहमति पत्र (एमओयू) पर हस्ताक्षर किये गये थे।

आईआईटी, मद्रास के जंजीबार परिसर के पहले अकादमिक सत्र के लिये आवेदन आमंत्रित किये जा रहे हैं और फिलहाल इसमें दो पूर्णकालिक पाठ्यक्रम के लिये पढ़ाई होगी।

प्रोफेसर अघालयम ने कहा, ‘‘आईआईटी मद्रास के शिष्टमंडल के तहत जितनी बार भी हम जंजीबार गए, हमने देखा कि उनकी तरफ से काफी संख्या में महिलाओं का प्रतिनिधित्व था।’’

प्रोफेसर प्रीति अघालयम ने 1995 में आईआईटी मद्रास से केमिकल इंजीनियरिंग में बीटेक और 2000 में यूनिवर्सिटी ऑफ मैसाचुसेट्स से पीएचडी की डिग्री हासिल की है। वह वर्ष 2010 में आईआईटी मद्रास से जुड़ीं और फिलहाल केमिकल इंजीनियरिंग विभाग में प्रोफेसर हैं।

दीपक

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now