देश की खबरें | सभी धर्म के लोगों के हित में कानून-व्यवस्था बहाल करें यूनुस: थरूर

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने सोमवार को बांग्लादेश की अंतरिम सरकार से आग्रह किया कि सभी धर्मों के बांग्लादेशी नागरिकों के हित में कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए तत्काल कदम उठाया जाए।

नयी दिल्ली, 12 अगस्त कांग्रेस के वरिष्ठ नेता शशि थरूर ने सोमवार को बांग्लादेश की अंतरिम सरकार से आग्रह किया कि सभी धर्मों के बांग्लादेशी नागरिकों के हित में कानून-व्यवस्था बहाल करने के लिए तत्काल कदम उठाया जाए।

उन्होंने भारतीयों के सांस्कृतिक केंद्र, मंदिर और हिंदू समुदाय के लोगों के घरों पर हमलों को शर्मनाक करार दिया।

पूर्व विदेश राज्य मंत्री थरूर ने बांग्लादेश में 1971 के शहीद स्मारक परिसर की तस्वीरें ‘एक्स’ पर साझा कीं और कहा कि मुजीबनगर में भारत विरोधी उपद्रवियों द्वारा नष्ट किए गए परिसर में ‘‘प्रतिमाओं की ऐसी तस्वीरें देखना दुखद’’ है।

उन्होंने कहा, ‘‘यह कई स्थानों पर भारतीय सांस्कृतिक केंद्र, मंदिरों और हिंदू घरों पर शर्मनाक हमलों के बाद हुआ है। यहां तक ​​कि कई मुस्लिम नागरिकों द्वारा अन्य अल्पसंख्यकों के घरों और पूजा स्थलों की रक्षा करने की खबरें भी आई हैं।’’

उन्होंने कहा, ‘‘कुछ आंदोलनकारियों का एजेंडा बिल्कुल स्पष्ट है। यह आवश्यक है कि मोहम्मद यूनुस और उनकी अंतरिम सरकार सभी बांग्लादेशियों, हर धर्म के हित में कानून और व्यवस्था बहाल करने के लिए तत्काल कदम उठाए।’’

थरूर ने कहा कि भारत इस अशांत समय में बांग्लादेश के लोगों के साथ खड़ा है, लेकिन ऐसी अराजक ज्यादती को कभी भी माफ नहीं किया जा सकता।

बांग्लादेश की अंतरिम सरकार के प्रमुख यूनुस ने शनिवार को अल्पसंख्यक समुदायों पर हमलों की निंदा की थी। उन्होंने युवाओं से सभी हिंदू, ईसाई और बौद्ध परिवारों को नुकसान से बचाने की अपील की थी।

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now