देश की खबरें | वाईएसआरसीपी सिंगय्या की विधवा को 'बरगला' रही : चंद्रबाबू नायडू
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बृहस्पतिवार को दोहराया कि युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के नेता पार्टी समर्थक सी सिंगय्या की विधवा को 'बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं।'
कुप्पम, तीन जुलाई आंध्र प्रदेश के मुख्यमंत्री एन चंद्रबाबू नायडू ने बृहस्पतिवार को दोहराया कि युवजन श्रमिक रायथू कांग्रेस पार्टी (वाईएसआरसीपी) के नेता पार्टी समर्थक सी सिंगय्या की विधवा को 'बरगलाने की कोशिश कर रहे हैं।'
कहा जा रहा है कि सिंगय्या की हाल ही में वाईएसआरसीपी प्रमुख वाईएस जगन मोहन रेड्डी के काफिले में शामिल वाहन की चपेट में आने से मौत हो गई थी।
नायडू की यह टिप्पणी सिंगय्या की विधवा मैरी के अपने पति की मौत की परिस्थितियों पर संदेह जताने और यह आरोप लगाने के बाद आई है कि एम्बुलेंस में कुछ हुआ होगा।
रेड्डी 18 जून को पलनाडु जिले के रेन्टापल्ला गांव पहुंचे थे और अपनी पार्टी के एक नेता के परिजनों से मुलाकात की थी। तेलुगु देशम पार्टी (टीडीपी) के नेताओं और पुलिस के कथित उत्पीड़न के कारण इस नेता ने पिछले साल आत्महत्या कर ली थी।
जब रेड्डी का काफिला रेन्टापल्ला की ओर जा रहा था, तब उनकी एक झलक पाने के लिए पहुंचा वाईएसआरसीपी समर्थक सिंगय्या गुंटूर जिले के एतुकुरु क्रॉस पर कथित तौर पर पार्टी प्रमुख के काफिले में शामिल एक वाहन की चपेट में आ गया था। इस हादसे में सिंगय्या की मौत हो गई थी, जिसके बाद पुलिस ने रेड्डी और अन्य के खिलाफ मामला दर्ज किया था।
पुलिस ने शुरू में कहा था कि सिंगय्या पूर्व मुख्यमंत्री रेड्डी के काफिले में शामिल वाहन की चपेट में नहीं आया था। हालांकि, बाद में उसने अतिरिक्त सबूतों का हवाला देते हुए कहा कि सिंगय्या वास्तव में रेड्डी के वाहन की चपेट में आया था, जिसके कारण पूर्व मुख्यमंत्री के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।
कुप्पम में संवाददाताओं से बातचीत में नायडू ने कहा, "वाईएसआरसीपी नेता अब इस त्रासदी का राजनीतिकरण करने के लिए सिंगय्या की शोकाकुल पत्नी को धमका रहे हैं, असंवेदनशीलता दिखा रहे हैं और राजनीतिक लाभ के लिए व्यक्तिगत क्षति का फायदा उठा रहे हैं।"
मुख्यमंत्री ने आरोप लगाया कि वाईएसआरसीपी नेता "गुंडागर्दी और निम्नस्तर की राजनीति" में लिप्त हैं, जो राज्य के लिए खतरनाक है। उन्होंने कहा कि कानून दोषियों को सजा देगा, चाहे वे कोई भी हों।
नायडू ने वाईएसआरसीपी की कथित निष्क्रियता और उसकी 'अमानवीय राजनीतिक संस्कृति' की निंदा की। उन्होंने आरोप लगाया कि सिंगय्या को ''आवारा कुत्ते की तरह त्याग दिया गया'' और वाईएसआरसीपी नेताओं में जरा-सी भी मानवता नहीं है।
मुख्यमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि वाईएसआरसीपी नेता अब राजनीतिक लाभ के लिए सिंगय्या की विधवा (लौर्डू मैरी) के दुख को 'भुनाने की कोशिश' कर रहे हैं। उन्होंने इसे व्यक्तिगत त्रासदी का शर्मनाक शोषण करार दिया।
नायडू ने पूर्ववर्ती वाईएसआरसीपी सरकार पर व्यक्तिगत हमले करने, वाईएस विवेकानंद रेड्डी की हत्या में उनकी भूमिका के बारे में झूठ फैलाने और आर्थिक आतंकवाद के बराबर वित्तीय धोखाधड़ी करने का भी आरोप लगाया।
मुख्यमंत्री ने दावा किया कि वाईएसआरसीपी ने आधिकारिक भूमि अभिलेखों के साथ छेड़छाड़ की, जिसके कारण जनता की शिकायतों में वृद्धि हुई। उन्होंने कहा, "हम इन मुद्दों को प्राथमिकता के आधार पर हल कर रहे हैं।"
नायडू ने दावा किया कि आंध्र प्रदेश में कभी देश की सबसे अच्छी भूमि रिकॉर्ड प्रणाली थी, जिसे पूर्ववर्ती वाईएसआरसीपी शासन के तहत कथित रूप से खत्म कर दिया गया, जिससे विश्वास और प्रशासनिक दक्षता खत्म हो गई।
उन्होंने सुशासन के प्रति अपनी सरकार की प्रतिबद्धता दोहराते हुए कहा, "वाईएसआरसीपी धोखे पर फलती-फूलती है। उसके झूठ अल्पकालिक हैं, लेकिन हमारा विकास स्थायी है।"
नायडू ने संवाददाताओं को बताया कि आंध्र प्रदेश में तेलुगु देशम पार्टी (तेदेपा) नीत राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) सरकार ने प्रसंस्करण उद्योगों में मांग में बदलाव के कारण खरीद संबंधी समस्याओं का सामना कर रहे आम किसानों की मदद के लिए लगभग 250 करोड़ रुपये की सब्सिडी आवंटित की है।
उन्होंने भरोसा दिलाया कि आपूर्ति में असंतुलन को दूर करने और रायलसीमा जैसे प्रमुख क्षेत्रों में आम की खेती को स्थिर करने के लिए किसानों और खरीद एजेंसियों के साथ चर्चा की जा रही है।
नायडू ने स्पष्ट किया कि पोलावरम-बनकचर्ला लिंक परियोजना, जिसका उद्देश्य गोदावरी नदी के अतिरिक्त पानी को रायलसीमा क्षेत्र में पहुंचाना है, से किसी को कोई नुकसान नहीं होगा।
मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि गोदावरी नदी का लगभग 2,000 टीएमसी पानी हर साल बिना इस्तेमाल के ही समुद्र में बह जाता है। उन्होंने दावा किया कि महज 200 टीएमसी पानी का इस्तेमाल करने से आंध्र प्रदेश और तेलंगाना दोनों को काफी फायदा होगा।
नायडू ने कहा, "मैंने गोदावरी नदी पर तेलंगाना द्वारा बनाई जा रही किसी भी सिंचाई परियोजना का कभी विरोध नहीं किया है और न ही करूंगा।"
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 03, 2025 03:48 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

