देश की खबरें | ज्योति मल्होत्रा के संपर्क में रहा पंजाब का यूट्यूबर गिरफ्तार
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के साथ निकट संपर्क में रहे पंजाब के एक यूट्यूबर को गिरफ्तार किया गया है और पुलिस का कहना है कि उससे जुड़े एक जासूसी नेटवर्क का पता चला है।
चंडीगढ़, चार जून हरियाणा की यूट्यूबर ज्योति मल्होत्रा के साथ निकट संपर्क में रहे पंजाब के एक यूट्यूबर को गिरफ्तार किया गया है और पुलिस का कहना है कि उससे जुड़े एक जासूसी नेटवर्क का पता चला है।
पंजाब के पुलिस महानिदेशक (डीजीपी) गौरव यादव ने बुधवार को बताया कि 'जान महल' नाम का यूट्यूब चैनल संचालित करने वाले एवं रूपनगर जिले के महलां गांव निवासी जसबीर सिंह का संबंध एक पाकिस्तानी खुफिया एजेंट (पीआईओ) से पाया गया है।
उन्होंने बताया कि सिंह मल्होत्रा के भी निकट संपर्क में था, जिसे पहले हरियाणा पुलिस ने जासूसी के आरोप में गिरफ्तार किया था।
यादव ने ‘एक्स’ पर एक पोस्ट में कहा, ‘‘ ‘जान महल’ नामक एक यूट्यूब चैनल संचालित करने वाले जसबीर सिंह का संबंध पीआईओ शाकिर उर्फ जट्ट रंधावा के साथ पाया गया है, जो आतंक-समर्थित जासूसी नेटवर्क का हिस्सा है।"
डीजीपी ने बताया कि उसका दिल्ली में पाकिस्तान उच्चायोग के उस अधिकारी एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश से भी संपर्क था, जिसे भारत ने निष्कासित कर दिया गया था।
शीर्ष पुलिस अधिकारी ने कहा, “जांच से पता चला है कि दानिश के निमंत्रण पर जसबीर दिल्ली में ‘पाकिस्तान राष्ट्रीय दिवस’ कार्यक्रम में शामिल हुआ था, जहां उसकी मुलाकात पाकिस्तानी सेना के अधिकारियों और व्लॉगर्स से हुई थी। वह तीन बार (2020, 2021, 2024 में) पाकिस्तान गया था और उसके इलेक्ट्रॉनिक उपकरणों में पाकिस्तान के कई नंबर थे, जिनकी अब विस्तृत फोरेंसिक जांच की जा रही है।"
यादव ने बताया कि मल्होत्रा की गिरफ्तारी के बाद सिंह ने पकड़े जाने से बचने के लिए पीआईओ के साथ अपने संवाद के सभी निशान मिटाने का प्रयास किया।
मोहाली में राज्य विशेष अभियान प्रकोष्ठ में प्राथमिकी दर्ज की गई है।
उन्होंने कहा, "जासूसी-आतंकवाद के व्यापक नेटवर्क को ध्वस्त करने और इसमें शामिल सभी लोगों की पहचान करने के लिए जांच जारी है।"
हिसार निवासी 33 वर्षीय मल्होत्रा 'ट्रैवल विद जेओ' नामक यूट्यूब चैनल संचालित करती थी। उसे पिछले महीने गिरफ्तार किया गया था।
भारत ने पाकिस्तान उच्चायोग में तैनात एहसान-उर-रहीम उर्फ दानिश को जासूसी में कथित रूप से संलिप्त होने के कारण 13 मई को निष्कासित कर दिया था।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jun 04, 2025 12:24 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

