तिरुवनंतपुरम, 16 दिसंबर कांग्रेस पार्टी की युवा शाखा ‘युवा कांग्रेस’ के कार्यकर्ताओं ने प्रदर्शनकारियों पर कथित हमले को लेकर केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन की सुरक्षा में तैनात एक पुलिसकर्मी के स्थानीय घर तक शनिवार को विरोध मार्च निकाला।
युवा कांग्रेस ने इस पुलिसकर्मी और अन्य सुरक्षकर्मियों पर अपने उन कार्यकर्ताओं पर हमला करने का आरोप लगाया है जो मुख्यमंत्री के विरोध में प्रदर्शन कर रहे थे।
युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मुख्यमंत्री की सुरक्षा से जुड़े ‘एस्कॉर्ट विंग’ में तैनात पुलिसकर्मी संदीप के आवास की ओर मार्च किया। लेकिन मार्च को आवास के पास रोक दिया गया जहां प्रदर्शनकारियों की पुलिस से झड़प हो गई।
युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने शहर के अंदर पट्टम में बैरिकेड को तोड़ दिया, जिसके बाद पुलिस ने भीड़ को तितर-बितर करने के लिए पानी की बौछार की।
कांग्रेस ने आरोप लगाया कि विजयन के सुरक्षाकर्मियों ने प्रदर्शनकारी छात्रों पर डंडे से हमला किया और दावा किया कि मुख्यमंत्री अपने अंगरक्षकों के रूप में पुलिस बल के ‘अपराधियों’ को अपने साथ ले जा रहे थे।
एक वीडियो शुक्रवार को वायरल हुआ जिसमें मुख्यमंत्री के सुरक्षाकर्मी अलप्पुझा में प्रदर्शनकारियों को डंडे से बेरहमी से पीटते नजर आ रहे हैं। लेकिन मुख्यमंत्री ने आज अपने अंगरक्षकों का बचाव करने के प्रयास के तहत कहा कि उन्होंने यह सुनिश्चित करने के लिए काम किया कि उन्हें (मुख्यमंत्री) कोई खतरा न हो।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)












QuickLY