देश की खबरें | युवा कांग्रेस ने राहुल के खिलाफ ‘दुर्भावनापूर्ण’ अभियान को लेकर निरुपम, कुछ भाजपा ‘समर्थकों’ पर प्राथमिकी दर्ज करवाई
Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. भारतीय युवा कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि उसने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ ‘‘दुर्भावनापूर्ण’’ डिजिटल अभियान चलाने के लिए शिवसेना नेता संजय निरुपम तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘‘समर्थक’’ कुछ लोगों के खिलाफ देश अलग-अलग स्थानों पर प्राथमिकी एवं शिकायत दर्ज करवाई है।
नयी दिल्ली, सात जुलाई भारतीय युवा कांग्रेस ने सोमवार को कहा कि उसने लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के खिलाफ ‘‘दुर्भावनापूर्ण’’ डिजिटल अभियान चलाने के लिए शिवसेना नेता संजय निरुपम तथा भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के ‘‘समर्थक’’ कुछ लोगों के खिलाफ देश अलग-अलग स्थानों पर प्राथमिकी एवं शिकायत दर्ज करवाई है।
आरोप है कि सोशल मीडिया मंचों पर इन लोगों ने बिहार में कांग्रेस द्वारा वितरित ‘सेनेटरी पैड’ पर राहुल गांधी की तस्वीर होने के झूठे दावे वाले वीडियो एवं तस्वीरों का प्रचार-प्रसार किया।
भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने इस मामले को लेकर दावा किया कि राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के इशारे पर कर्नाटक और तेलंगाना में बिहार के कुछ युवाओं के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करवाई गई है तथा बिहार के लोग ‘‘आत्मसम्मान पर हमले’’ को सहन नहीं करेंगे।
युवा कांग्रेस की ओर से जारी विज्ञप्ति के अनुसार, पूर्व सांसद संजय निरुपम और ‘एक्स’ पर सक्रिय कुछ भाजपा समर्थकों के खिलाफ कर्नाटक और तेलंगाना में प्राथमिकी दर्ज कराई गई है, जबकि दिल्ली में शिकायत दर्ज कराई गई है।
कांग्रेस की युवा इकाई का आरोप है कि राहुल गांधी और ‘सेनेटरी पैड’ को संदर्भित करते हुए जो सामग्री साझा की गई वो बहुत आपत्तिजनक थी तथा एक महिला-केंद्रित मुद्दे का उपयोग राजनीतिक स्त्री-विरोध और सुनियोजित मानहानि के लिए किया गया।
युवा कांग्रेस ने कहा कि बेंगलुरु में भारतीय न्याय संहिता 2023 की धारा 192, 336(4), 354, 294, 196, और 197 तथा आईटी अधिनियम 2000 की धारा 67 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।
कांग्रेस के बिहार मामलों और युवा कांग्रेस के प्रभारी कृष्णा अल्लावरू ने एक बयान में कहा, ‘‘भाजपा ने शालीनता की सभी सीमाएं पार कर दी हैं। बिहार में अपनी होने वाली हार से ध्यान भटकाने के लिए वे तस्वीरों को ‘मोर्फ’ कर महिलाओं का अपमान कर रहे हैं। यह केवल हमारे नेता की बात नहीं है, यह हर भारतीय महिला की गरिमा की बात है। यह अस्वीकार्य है और कानूनी रूप से दंडनीय है।’’
उनका कहना था, ‘‘इसमें कोई संदेह न रहे, हम इसे इसके तार्किक अंत तक लेकर जाएंगे।’’
युवा कांग्रेस के राष्ट्रीय अध्यक्ष उदय भानु चिब ने कहा, “भाजपा फर्जी विमर्श गढ़ने में माहिर है, लेकिन यह एक नई गिरावट है। एक जनसेवा के पवित्र कार्य को अश्लील प्रचार में बदलना न केवल राजनीतिक रूप से बल्कि नैतिक रूप से भी निंदनीय है। भारतीय युवा कांग्रेस मजबूती से खड़ी है। हम इस प्रकार के पतन को बिना सज़ा के नहीं जाने देंगे।”
युवा कांग्रेस के विधि प्रकोष्ठ के प्रमुख रूपेश सिंह भदौरिया ने कहा कि भाजपा समर्थक लोगों द्वारा यह सब सुनियोजित ढंग से किया गया है, जो एक आपराधिक साजिश है और इसका उद्देश्य महिलाओं को नीचा दिखाना, सार्वजनिक विमर्श को अमानवीय बनाना, और विपक्ष के नेता को राजनीतिक रूप से बदनाम करना है।
भाजपा के आईटी प्रकोष्ठ के प्रमुख अमित मालवीय ने ‘एक्स’ पर पोस्ट किया, ‘‘राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के इशारे पर राजद-कांग्रेस मिलकर बिहार के युवाओं पर कर्नाटक और तेलंगाना से प्राथमिकी दर्ज करवा रहे हैं। राजद की मिलीभगत से कांग्रेस यह साज़िश कर्नाटक और तेलंगाना की अपनी सरकारों से करवा रही है।’’
उन्होंने दावा किया, ‘‘पहले कांग्रेस ने बिहार की महिलाओं के आत्मसम्मान का मज़ाक उड़ाया। जब समाज ने इसका विरोध किया, तो अब विरोध करने वाली आवाज़ों को दबाने के लिए सत्ता की मशीनरी का दुरुपयोग कर प्राथमिकी करवाई जा रही है।’’
मालवीय ने सवाल किया, ‘‘क्या तेजस्वी यादव ने राहुल गांधी के इशारे पर, और अपनी मौन सहमति से, बिहार के युवाओं की आवाज़ और आत्मसम्मान का सौदा कर्नाटक और तेलंगाना की कांग्रेस सरकारों के हाथों कर दिया है?’’
उन्होंने कहा कि बिहार के लोग कांग्रेस के चरणों में लोटने वाली राजनीति और अपने युवाओं के आत्मसम्मान पर हमला कभी चुपचाप नहीं सहेंगे।
(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)
(The above story first appeared on LatestLY on Jul 07, 2025 04:42 PM IST. For more news and updates on politics, world, sports, entertainment and lifestyle, log on to our website latestly.com).

