देश की खबरें | जगधरती पूजा विसर्जन के दौरान संगीत बजाने को लेकर युवक की हत्या

कोलकाता, 26 नवंबर पश्चिम बंगाल की राजधानी कोलकाता के पूर्वी हिस्से चिंगरीघाटा इलाके में जगधरती पूजा विसर्जन की शोभायात्रा के दौरान संगीत बजाने को लेकर हुए विवाद में कैंची से हमला कर एक युवक की हत्या कर दी गयी। पुलिस ने रविवार को यह जानकारी दी।

पुलिस के मुताबिक यह घटना शनिवार देर रात हुई जिसके बाद रविवार सुबह भीड़ ने आरोपी को पुलिस के कब्जे से छुड़ाने के बाद उसकी पिटाई की और फिर चिंगरीघाटा क्रॉसिंग के पास ईएम बाईपास पर विरोध प्रदर्शन किया।

घटना की सूचना मिलने पर स्थानीय विधायक और राज्य दमकल सेवा विभाग के मंत्री सुजीत बोस मौके पर पहुंचे और प्रदर्शनकारियों को शांत कराया।

उन्होंने बताया कि भीड़ आरोपी को बचाने के लिए वहां पहुंची, पुलिस की टीम पर भी ईंट-पत्थर भी फेंके।

बिधाननगर पुलिस आयुक्तालय के एक वरिष्ठ अधिकारी ने कहा, ‘‘यह घटना शनिवार देर रात की है जब जगधरती पूजा विसर्जन के दौरान संगीत बजाने को लेकर हुए झगड़े के बाद आरोपी व्यक्ति ने साहेब अली सरदार (22) की गर्दन पर कैंची से हमला कर दिया।’’

उन्होंने बताया, ‘‘हमने आरोपी व्यक्ति को गिरफ्तार कर लिया है और इस संबंध में आवश्यक जांच जारी है। घटना में इस्तेमाल किया गया हथियार जब्त कर लिया गया है।’’

पुलिस अधिकारी ने स्थानीय लोगों के रविवार के विरोध प्रदर्शन के बारे में पूछे जाने पर कहा कि एक 'गलतफहमी' थी जिसे बिधाननगर पुलिस आयुक्त गौरव शर्मा के आश्वासन के बाद सुलझा लिया गया है।

उन्होंने कहा, ‘‘स्थानीय लोगों ने हमारे सहयोगियों पर पथराव किया, जो उन्हें शांत करने और स्थिति को नियंत्रण में लाने के लिए वहां गए थे। इस दौरान उनमें से कुछ घायल हो गए। इलाके में बड़ी संख्या में पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया है।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)