देश की खबरें | हाथरस की बेटी को न्याय दिलाना है तो योगी आदित्यनाथ का इस्तीफा मांगें प्रधानमंत्री: कांग्रेस

Get Latest हिन्दी समाचार, Breaking News on India at LatestLY हिन्दी. कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हुई पीड़िता का पुलिस द्वारा कथित तौर पर अंतिम संस्कार किए जाने को लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का इस्तीफा मांगा और कहा कि अगर हाथरस की बेटी को न्याय दिलाना है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को योगी को पद छोड़ने के लिए कहना चाहिए।

एनडीआरएफ/प्रतीकात्मक तस्वीर (Photo Credits: ANI)

नयी दिल्ली, 30 सितंबर कांग्रेस ने उत्तर प्रदेश के हाथरस जिले में सामूहिक दुष्कर्म का शिकार हुई पीड़िता का पुलिस द्वारा कथित तौर पर अंतिम संस्कार किए जाने को लेकर बुधवार को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का इस्तीफा मांगा और कहा कि अगर हाथरस की बेटी को न्याय दिलाना है तो प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को योगी को पद छोड़ने के लिए कहना चाहिए।

पार्टी ने इस मामले पर कथित तौर पर ‘खामोश रहने’ को लेकर केंद्रीय महिला एवं बाल विकास मंत्री स्मृति ईरानी पर भी निशाना साधा और लोकसभा की सदस्यता से उनके इस्तीफे की मांग की।

यह भी पढ़े | Hathras Gangrape: हाथरस पीड़िता के अंतिम संस्कार पर कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी और BSP सुप्रीमों मायावती ने योगी सरकार को घेरा.

उल्लेखनीय है कि हाथरस की घटना में परिवार ने बुधवार को आरोप लगाया कि पुलिस ने पीड़िता का मंगलवार देर रात “जबरन” अंतिम संस्कार करा दिया।

लड़की की मंगलवार को दिल्ली के अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई थी।

यह भी पढ़े | Fact Check: केंद्र सरकार ने वापस ले लिया है DA कटौती की फैसला? PIB फैक्ट चेक से जानें सच्चाई.

इसको लेकर कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने ट्वीट किया, ‘‘ भारत की एक बेटी का रेप-क़त्ल किया जाता है, तथ्य दबाए जाते हैं और अन्त में उसके परिवार से अंतिम संस्कार का हक़ भी छीन लिया जाता है। ये अपमानजनक और अन्यायपूर्ण है।’’

कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाद्रा ने मुख्यमंत्री पद से योगी आदित्यनाथ के इस्तीफे की मांग की और आरोप लगाया कि राज्य की भाजपा सरकार में सिर्फ अन्याय का बोलबाला है।

उन्होंने ट्वीट किया, ‘‘रात को 2.30 बजे परिजन गिड़गिड़ाते रहे लेकिन हाथरस की पीड़िता के शरीर को उप्र प्रशासन ने जबरन जला दिया। जब वह जीवित थी तब सरकार ने उसे सुरक्षा नहीं दी। जब उस पर हमला हुआ सरकार ने समय पर इलाज नहीं दिया।’’

कांग्रेस की उत्तर प्रदेश प्रभारी ने दावा किया, ‘‘पीड़िता की मृत्यु के बाद सरकार ने परिजनों से बेटी के अंतिम संस्कार का अधिकार छीना और मृतका को सम्मान तक नहीं दिया। घोर अमानवीयता। आपने अपराध रोका नहीं बल्कि अपराधियों की तरह व्यवहार किया। अत्याचार रोका नहीं, एक मासूम बच्ची और उसके परिवार पर दोगुना अत्याचार किया।’’

उन्होंने कहा, ‘‘योगी आदित्यनाथ, आप इस्तीफा दो। आपके शासन में न्याय नहीं, सिर्फ अन्याय का बोलबाला है।’’

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सुरजेवाला ने कहा, ‘‘मां-बाप से बेटी के अंतिम संस्कार का हक़ कैसे और क्यों छीना? मां को बेटी की अंतिम यात्रा के रीतिरिवाज तक क्यों नही पूरे करने दिए? रात के अंधेरे में ढाई बजे अंतिम संस्कार क्यों किया? योगी इस्तीफ़ा दें।’’

कांग्रेस प्रवक्ता और अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव ने संवाददाताओं से कहा, ‘‘उत्तर प्रदेश की सरकार की तरफ से मंगलवार देर रात हाथरस की बेटी के साथ अन्याय किया गया है। अगर इस बेटी को न्याय देना है तो प्रधानमंत्री को अजय सिंह बिष्ट (योगी आदित्यनाथ) का इस्तीफा मांगना चाहिए।’’

(यह सिंडिकेटेड न्यूज़ फीड से अनएडिटेड और ऑटो-जेनरेटेड स्टोरी है, ऐसी संभावना है कि लेटेस्टली स्टाफ द्वारा इसमें कोई बदलाव या एडिट नहीं किया गया है)

Share Now

\